सीतापुर : ओवरब्रिज पर बदमाशों का हमला… शराब दुकान के सेल्समैन से कैश लूटा
सीतापुर, 16 अक्टूबर 2025:
सीतापुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक शराब दुकान के सेल्समैन से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ओवरब्रिज पर सेल्समैन की बाइक रोककर डंडे से हमला किया और बाइक की डिग्गी में रखा कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
बताया गया कि टेडवा चिलौला निवासी सोनू जायसवाल धनीपुर स्थित अपनी कंपोजिट शराब की दुकान बंद कर रात में घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बिजवार ओवरब्रिज पर पहुंचे, दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने सोनू की बाइक रुकवाकर डंडे से हाथ पर वार किया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद हमलावरों ने बाइक की डिग्गी खोलकर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद से भरा बैग निकाल लिया और फरार हो गए। यह रकम दिनभर की शराब बिक्री की थी। घायल सोनू ने किसी तरह थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






