Sitapur City

छात्राओं से दुष्कर्म की कोशिश…खेत में घसीटा, शोर-शराबे पर भागे आरोपी

कॉलेज से घर लौटते समय हुई वारदात, छात्रओं ने युवकों के नाम पुलिस को बताए, केस दर्ज कर तलाश में जुटी पुलिस

सीतापुर, 15 जनवरी 2026:

सकरन थाना क्षेत्र में कॉलेज से घर लौट रही दो छात्राओं के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। छात्राओं के साथ हुई इस हरकत को लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

बताया गया कि इंटर और हाईस्कूल की छात्राएं बुधवार शाम रोज की तरह सूर्य प्रताप इंटर कॉलेज से पढ़ाई कर घर लौट रही थीं। रास्ते में एक सुनसान जगह पर दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और जबरन पास के गन्ने के खेत की ओर खींचने लगे। आरोप है कि दोनों युवक छात्राओं से छेड़छाड़ कर दुष्कर्म की कोशिश करने लगे।

खुद को बचाने के लिए छात्राओं ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख आरोपी युवक वहां से भाग निकले। घबराई हुई छात्राएं किसी तरह गांव पहुंचीं और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पीड़िताओं ने आरोपियों की पहचान शिवेंद्र व राजा के रूप में की है।

सकरन थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तेजी से कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button