विजय पटेल
रायबरेली, 17 जनवरी 2026:
पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा अभियान के तहत 25 हजार रुपये के इनामीअपराधी नाहर नट को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
नाहर नट दो महीने पहले कोर्ट पेशी के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे। अब उसकी गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
गत 13 नवंबर को नाहर नट को पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। इसी दौरान वह पुलिस की कस्टडी से चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था।
फरारी के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमें बनाई थीं। एसओजी और सदर कोतवाली पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। नाहर नट पर दो दर्जन से ज्यादा संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। दो महीने तक फरार रहने के बाद आखिरकार वह जिले की सीमा के अंदर ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मटिहा इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






