लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर आग का तांडव : 18 टायरा ट्रेलर धू-धू कर जला, दुकान भी स्वाहा
बाराबंकी के चौपुला के पास देर रात हुआ हादसा, ट्रेलर चालक ने भागकर बचाई जान, हाईवे पर मची अफरातफरी, दोनों ओर लग गया लंबा जाम
बाराबंकी, 22 जनवरी 2026:
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बाराबंकी जनपद के चौपुला क्षेत्र के पास बुधवार देर रात लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रहे 18 टायर वाले एक भारी ट्रेलर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते ट्रेलर आग का गोला बन गया। ट्रेलर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस हादसे से हाईवे पर अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर में अचानक चिंगारी उठी और कुछ ही पलों में आग विकराल रूप में बदल गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की लपटें इतनी ऊंची और तेज थीं कि पास ही स्थित एक टायर की दुकान भी उसकी चपेट में आ गई। दुकान में रखे टायर और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।

हादसे के बारे पुलिस को अवगत कराया गया, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर पहुंचने में करीब 20 मिनट का समय लग गया। इस दौरान आग लगातार फैलती रही और ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने की वजह से लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहन फंसे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, ट्रेलर और टायर की दुकान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।






