Sitapur City

दुस्साहस : आंखों में मिर्च झोंकी…बदमाशों ने सर्राफ से जेवर भरा बैग लूटा

चौकी से थोड़ी दूर है ज्वैलरी की दुकान, एक किमी की दूरी पर हुई वारदात, बैग में रखे थे लगभग 10 लाख के जेवर, लीपापोती में जुटी रही पुलिस

सीतापुर 1 फरवरी 2026:

सकरन थाना क्षेत्र में शनिवार शाम बेखौफ बदमाशों ने सर्राफ से करीब 10 लाख रुपये के जेवर लूट लिए। हसनापुर मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने सर्राफ की आंखों में मिर्च झोंक दी और तमंचे के बल पर जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस फुटेज खंगाल रही है।

बिसवां क्षेत्र के पटना गांव निवासी मोनू की सकरन के महोलियाकलां चौराहे पर हरिओम ज्वैलर्स व रेडीमेड सेंटर के नाम से दुकान है। शनिवार की शाम मोनू दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। उनके पास जेवरों से भरा एक बैग था। जैसे ही मोनू हसनापुर मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आ धमके।

बदमाशों ने अचानक उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी, जिससे वह बाइक से गिर पड़े। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर सेमरा गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने पीड़ित को अपने पास बैठा लिया और उसे परिजनों व मीडिया से बात नहीं करने दी।

बताया जा रहा है कि पीड़ित की दुकान चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर है, जबकि घटनास्थल चौकी से लगभग एक किलोमीटर दूर है। ऐसे में बदमाशों द्वारा पहले से रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पहले घटना को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में वारदात स्वीकार करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए।

ये भी पढ़ें  पत्नी की हत्या के आरोपी ने जेल में की खुदकुशी... आटा चक्की के पास लटका मिला शव

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link