Lucknow City

क्रांति किसान पदयात्रा का आगाज…पूरी राजधानी में बुलंद करेगी किसानों की आवाज

10 फरवरी तक लखनऊ के ब्लॉक-तहसीलों से गुज़रेगी यात्रा, जनसमस्याओं पर होगा सीधा संवाद

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 1 फरवरी 2026:

किसानों से जुड़े जमीनी मुद्दों और लंबे समय से अटकी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू गुट ने रविवार से क्रांति किसान पदयात्रा की शुरुआत की। यह पदयात्रा 10 फरवरी तक चलेगी और लखनऊ जिले के अलग-अलग ब्लॉक व तहसील क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे भाकियू भानू गुट के प्रदेश प्रभारी ऋषि मिश्रा ने बताया कि यात्रा पूरी तरह से किसान और जनहित को समर्पित है। इसमें फसलों का उचित समर्थन मूल्य, बिजली और सिंचाई की दिक्कतें, नहरों की बदहाल हालत, खाद-बीज की समय पर उपलब्धता, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और ग्रामीण इलाकों में किसानों के साथ हो रहे उत्पीड़न जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

ऋषि मिश्रा ने कहा कि इस पदयात्रा का मकसद किसानों की आवाज़ को एकजुट कर सरकार तक ठोस और साफ संदेश पहुंचाना है। यह यात्रा किसी सियासी मकसद से नहीं, बल्कि किसान, खेत और गांव के भविष्य को महफूज़ करने के इरादे से निकाली गई है।

WhatsApp Image 2026-02-01 at 2.36.37 PM

इससे पूर्व यात्रा का आगाज़ गोसाईगंज ब्लॉक से हुआ। इसके बाद पदयात्रा लखनऊ जनपद के ग्रामीण इलाकों, ब्लॉक और तहसील क्षेत्रों से होती हुई पीजीआई स्थित वृंदावन में संपन्न होगी। पदयात्रा में किसानों के साथ महिलाएं, युवा और ग्रामीण शामिल रहे। पदयात्रा के दौरान हर ब्लॉक और तहसील स्तर पर किसानों की मौजूदगी में जनसंवाद, ज्ञापन सौंपने और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पदयात्रा में मण्डल मीडिया प्रभारी मुकेश द्विवेदी, जिला अध्यक्ष पूर्वी लखनऊ अमरेंद्र कुमार अन्नू, प्रदेश प्रवक्ता अनिल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अशोक यादव, मण्डल उपाध्यक्ष तेजवीर सिंह, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष मोनिश खान, युवा मोर्चा मण्डल उपाध्यक्ष उमेश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष गोसाईगंज आयुष वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मोहनलालगंज जंगबहादुर यादव, जिला अध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ अर्जुन सिंह फौजी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button