Lucknow City

महाशिवरात्रि पर लखनऊ में भक्ति का महासागर, मनकामेश्वर से बुद्धेश्वर तक उमड़ा आस्था का सैलाब

आधी रात से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा, हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के गगनभेदी जयकारों से शिवमय हो गया पूरा वातावरण

लखनऊ, 15 फरवरी 2026:

भगवान शिव की आराधना का पावन पर्व महाशिवरात्रि राजधानी लखनऊ में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आधी रात से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के गगनभेदी जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

शहर के प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर में शनिवार रात 12 बजे विशेष भस्म आरती संपन्न हुई। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। भोर होते-होते जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा करते हुए बाबा भोलेनाथ पर जल, दूध, बेलपत्र, फूल और फल अर्पित करते नजर आए। मंदिर के बाहर देर रात से ही लंबी कतारें लग गईं। महिलाएं और पुरुष अलग-अलग पंक्तियों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।

Maha Shivratri in Lucknow A Night of Celebration (1)

उधर, बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में तड़के चार बजे पंचमुखी आरती हुई। सुबह होते-होते दर्शन के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। कांवड़ियों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के लिए विश्राम और खानपान की विशेष व्यवस्था की गई है।

दोपहर में महाभोग और शाम को 51 मुखी आरती का आयोजन होगा। भक्तों के लिए ठंडाई, कुल्फी और फलाहार का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। बुद्धेश्वर सेवा मंडल की ओर से शिव बारात निकालने की तैयारी है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

शिवालयों के आसपास पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं। श्रद्धालु भांग, धतूरा, गन्ना, बेलपत्र, फूल-फल आदि खरीदते नजर आए। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसरों और प्रमुख मार्गों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button