बहराइच, 2 मार्च 2026:
होली से पहले जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। संपत्ति विवाद में छोटे बेटे ने अपने ही परिवार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पिता, मां, बहन और दादी की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल है। आरोपी ने वारदात के बाद खुदकुशी की कोशिश भी की। पुलिस ने उसे घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।
जमीन के झगड़े ने लिया खौफनाक रूप
घटना बसंतपुर रूदल गांव की है, जहां निरंकार वर्मा का अपने पिता बदलू राम और बड़े भाई गुरुदेव से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 15 साल पहले बेची गई जमीन और उसके पैसे को लेकर परिवार में रंजिश बनी हुई थी। रविवार रात 12 बजे के बाद इसी बात पर घर में फिर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।

एक-एक कर परिवार पर किया हमला
गुस्से में आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सबसे पहले पिता पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने पहुंची मां संजू देवी, बहन पार्वती और दादी शीतला देवी पर भी उसने ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर बड़ा भाई गुरुदेव बीच बचाव करने आया तो उस पर भी जानलेवा हमला किया गया। घर का आंगन देखते ही देखते खून से नहा गया।
मासूम ने छिपकर देखा पूरा मंजर
वारदात के दौरान गुरुदेव का 10 साल का बेटा आजाद कमरे के कोने में छिपा रहा। दहशत के कारण वह आवाज तक नहीं निकाल सका और इसी वजह से उसकी जान बच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
खुद को भी किया घायल, अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद आरोपी ने पकड़े जाने के डर से ईंट से अपने सिर पर वार कर खुदकुशी की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई का इलाज चल रहा है, जबकि आरोपी को नाजुक हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

सुबह ही मायके से आई थी बहन
गुरदेव का पूरा परिवार ‘जय गुरुदेव’ का अनुयायी था। पूरा परिवार सोमवार सुबह ही गोंडा में आयोजित जय गुरुदेव के समागम में रवाना होने वाला था। मृतका पार्वती भी परिवार के साथ गोंडा जाने के लिए रविवार सुबह ही ससुराल से अपने मायके पहुंची थी। पार्वती की शादी श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोखरियन पुरवा गांव में पप्पू वर्मा के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे हैं।
पांच साल से अलग रह रही आरोपी की पत्नी
निरंकार की शादी लगभग सात वर्ष पहले रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव में हुई थी। परिजनों के अनुसार, विवाह के करीब दो वर्ष बाद उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। उनकी कोई संतान नहीं है। पत्नी के छोड़कर जाने के बाद से वह मानसिक तनाव में रहता था
गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी और ईंट बरामद कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद ही हत्याकांड की मुख्य वजह सामने आ रही है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।






