Uttar Pradesh

CM योगी का जनता दर्शन, बोले… हर फरियादी को मिलेगा न्याय, इलाज में पैसे की कमी नहीं बनेगी रोड़ा

गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए निर्देश, जमीन कब्जाने व दबंगई के मामलों में करें कड़ी कानूनी कार्रवाई

गोरखपुर, 3 मार्च 2026:

होलिकोत्सव के अवसर पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 फरियादियों से मुलाकात की। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने कुर्सियों पर बैठे लोगों के बीच खुद पहुंचकर मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान होने या घबराने की जरूरत नहीं है। हर समस्या का प्रभावी और समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे बेफिक्र होकर अच्छे अस्पताल में उपचार कराएं। सरकार हरसंभव मदद देगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिन मरीजों को आर्थिक सहायता चाहिए उनके इलाज का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए जिससे मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि जारी की जा सके।

WhatsApp Image 2026-03-03 at 10.44.08 AM

जनता दर्शन में एक व्यक्ति ने किडनी की बीमारी के इलाज में धनाभाव की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा। कार्ड न होने की जानकारी पर उन्होंने तुरंत आश्वस्त करते हुए कहा कि इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आएगी और आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अन्य कई गंभीर रोगों से पीड़ित लोग भी मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। उन्हें भी मदद का भरोसा दिया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जमीन कब्जा या दबंगई की शिकायतों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान कुछ बच्चे भी अपने परिजनों के साथ पहुंचे। उन्हें मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक चॉकलेट देकर मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button