लखनऊ, 3 मार्च 2026 :
पूरे देश में होली का उत्साह चरम पर है। लखनऊ में अलामबाद, अमीनाबाद, हजरतगंज, कपूरथला, निशातगंज, पत्रकारपुरम, चौक और आलमबाग, भूतनाथ जैसे प्रमुख बाजार होली की अलग ही रंगीन छटा बिखेर रहे हैं। यहां रंग-गुलाल, मिठाइयां, नमकीन-गुझिया से लेकर आकर्षक पिचकारियों तक की खरीदारी जोरों पर है। बाजारों में रंग-बिरंगी सजावट और भीड़ ने माहौल को और भी उत्साही बना दिया है। हर बार की तरह इस साल भी खास तौर पर मेड इन इंडिया पिचकारियों की डिमांड हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की फोटो वाली पिचकारियां और पिट्ठू बैग पिछले साल की तरह इस बार भी सबसे ज्यादा मांग में हैं। होली के दौरान चेहरा और बालों की सुरक्षा के लिए मास्क और टोपियां भी तेजी से बिक रही हैं। खासकर डरावने डिजाइन वाले मास्क और रंग-बिरंगे नकली बाल लोगों को काफी आकर्षित कर रहे हैं।

म्यूजिकल पिचकारी
होली का पर्व बिना पिचकारी के अधूरा है। अमीनाबाद, आलमबाग, यहियागंज, चौक समेत अन्य मार्केट में पिचकारी की दुकानें सज चुकी हैं। हर साल की तरह इस साल भी म्यूजिकल पिचकरी काफी पसंद की जा रही है। इसमें रंग भरने के बाद जैसे ही लोगों पर रंग डालने लगेंगे, इसमें से होली के गीत बजने शुरू हो जाएंगे। वहीं, पाइप बंद होते ही गाना बंद हो जाएगा।
वहीं, ब्रह्मोस मिसाइल वाली पिचकारी बिल्कुल अलग है, जो देखने में एक पाइप वाली गन नजर आती है। बच्चों के लिए जेली टैंक जैसी आकर्षक पिचकारियां भी बिक रही हैं। बार्बी, प्रिंसेज, स्नो वाइट समेत अन्य कार्टून कैरेक्ट वाली पिचकारी भी काफी पसंद की जा रही हैं, जिनकी कीमत 300 रुपए से शुरू हो रही हैं।

मास्क-टोपी के साथ चांदी की पिचकरी-बाल्टी भी खास
होली पर चेहरा और बालों को बचाने के लिए मास्क और टोपी भी खूब बिक रहे हैं। मास्क में खासतौर पर भूत और डरावने चेहरे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। वहीं, रंग-बिरंगे नकली बाल भी खूब बिक रहे हैं, जो होली का मजा और बढ़ा देते हैं। आमतौर पर होली पर प्लास्टिक या लोहे की पिचकारी खरीदने का चलन रहता है, लेकिन इस बार खासतौर पर नवविवाहित जोड़ों के लिए कीमती तोहफों की मांग बढ़ी हुई है। ऐसे में लोग नवविवाहित जोड़ों को देने के लिए सोने-चांदी से बनी पिचकारी, बाल्टियां और लड्डू खरीद रहे हैं। ज्वेलर्स की दुकानों पर चांदी की पिचकारी और बाल्टी बड़े ही सुंदर डिजाइन में तैयार की जा रही हैं। कुछ लोग इन्हें सोने में भी बनवा रहे हैं।

मिठाई व कपड़ों की भी जमकर हो रही खरीदारी
शहर के प्रमुख बाजारों जैसे अमीनाबाद, हजरतगंज, लालबाग और घंटाघर में होली से पहले मिठाई और नमकीन की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। होली के त्योहार में गुझिया, लड्डू, बर्फी, पेड़ा, सोनपापड़ी, राजभोग जैसी मिठाइयों के साथ-साथ नमकील भुजिया, मिक्स नमकीन, चकली, भाकरवड़ी, पापड़, चिप्स और गिफ्ट पैक नमकीन की डिमांड कई गुना बढ़ गई है, वहीं कपड़ों की दुकानों पर भी भारी भीड़ पहुंच रही है। लोग परिवार के साथ मिलकर खरीदारी कर रहे हैं। खासकर शाम के समय भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि दुकानों के बाहर लंबी कतारें लग जाती हैं।






