Uttar Pradesh

सामौर बाबा महोत्सव में गूंजे भक्ति के स्वर, कन्हैया मित्तल के भजनों पर झूमे हजारों श्रद्धालु

फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज के करहरा में भजन संध्या बनीयादगार आयोजन, महोत्सव में पहुंचीं मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की जयवीर सिंह के प्रयासों की सराहना

लखनऊ/फिरोजाबाद, 11 मार्च 2026:

यूपी के फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज के ग्राम करहरा में प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम पर आयोजित सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव के तहत हुई भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर रही। इस अवसर पर मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल ने अपनी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर भक्तों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ भक्ति में डूबकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

भजन संध्या में दूर-दूर से आए हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सिरसागंज और फिरोजाबाद ही नहीं बल्कि आसपास के कई गांवों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में भक्त कार्यक्रम में पहुंचे। कन्हैया मित्तल द्वारा प्रस्तुत लोकप्रिय भजन ‘जो राम को लाए हैं…’ समेत भगवान खाटू श्याम और भगवान राम की भक्ति से ओत-प्रोत गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। पूरा सामौर बाबा धाम भक्ति की अद्भुत ऊर्जा और उत्साह से सराबोर नजर आया।

WhatsApp Image 2026-03-11 at 6.05.02 PM (1)

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक फिरोजाबाद के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि सामौर बाबा महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखकर वह अत्यंत प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था और संस्कृति को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में प्रेम, एकता और सामूहिक श्रद्धा की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने महोत्सव के आयोजन में मंत्री जयवीर सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता से यह आयोजन भव्य और सफल बन पाया है।

भजन गायक कन्हैया मित्तल ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की भावपूर्ण सहभागिता ने इस संध्या को विशेष बना दिया। वहीं श्रद्धालुओं ने इसे यादगार और भावनात्मक अनुभव बताया। आयोजकों के अनुसार यह भजन संध्या महोत्सव का सबसे आकर्षक और यादगार आयोजन साबित हुई।

WhatsApp Image 2026-03-11 at 6.05.02 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button