Gorakhpur

मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की हत्या…चाकू मारने पर भागे तो दौड़ाकर गोद डाला

भाजपा के स्थानीय संगठन व चौहान समाज से जुड़े थे पूर्व पार्षद, हमले के बाद 100 मीटर तक भागते रहे राजकुमार चौहान, रास्ते में ही गिर पड़े, गुस्साए लोगों ने सड़क जाम की, नारेबाजी कर प्रदर्शन, कई थानों की फोर्स तैनात

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 17 मार्च 2026:

गोरखपुर में मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या कर दी गई। चिलुआताल इलाके में हुई इस वारदात में हमले के बाद घायल हालत में वह करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर दोबारा हमला किया और मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ राजकुमार को मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया गया। उनकी हत्या की खबर फैलने के बाद रोड जाम कर जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान पुलिस को लाठियां भी फटकारनी पड़ीं।

चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा गांव में रहने वाले राजकुमार चौहान 2023 में पार्षद का चुनाव लड़ चुके थे और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे बताए जा रहे थे। चौहान समाज व इलाके में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी। भाजपा सांसद के करीबी रहे राजकुमार रोजाना सुबह मार्निंग वॉक पर निकलते थे। रोजाना की तरह आज भी वो घर से निकले। अभी 200 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। वो खून से लथपथ हो गए लेकिन हिम्मत जुटाकर भागे।

WhatsApp Image 2026-03-17 at 11.38.51 AM

ये देखकर हमलावरों ने उन्हें दौड़ा लिया और एक बार फिर से उनके सीने, सिर और हाथ पर कई वार किए । हमला करने के बाद आरोपी कुछ देर वहीं रुके रहे और फिर भाग निकले। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि हमलावर अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल मौके तक पहुंचे थे। वारदात सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से करीब 500 मीटर दूर हुई। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने गोरखपुर-सोनौली रोड जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालात संभालने के लिए कई थानों की फोर्स मौके पर लगाई गई। काफी समझाने के बाद भी जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुशीला देवी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचीं और सड़क पर बैठकर विरोध करने लगीं। इस दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला। परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते हत्या की गई है। पत्नी का आरोप है कि पहले भी उनके पति को झूठे मामले में फंसाया गया था और जेल जाना पड़ा था।

WhatsApp Image 2026-03-17 at 11.38.50 AM

उन्होंने यह भी कहा कि हमलावर चेन छीनकर भी भागे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को झाड़ियों में खून के निशान और एक जूता मिला है। पुलिस दो एंगल पर जांच कर रही है। पहला प्रॉपर्टी विवाद, क्योंकि राजकुमार प्रॉपर्टी के काम से जुड़े थे। दूसरा निजी रंजिश या किसी रिश्ते से जुड़ा मामला। हमले के तरीके को देखते हुए सुपारी किलिंग की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button