नितेश चंद्र शुक्ला
हरदोई, 22 मार्च 2026:
हरदोई में नलकूपों के ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर ग्रामीणों की नींद हराम करने वाले गैंग पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के सरगना फर्रुखाबाद जिले के कुलदीप उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
मुठभेड़ भरखनी इलाके के गयाई चौराहे के पास की है, जहां पाली और पचदेवरा थाने की पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाश रुकने के बजाय फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसके बाद मुख्य आरोपी कुलदीप घायल हो गया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 20 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और ट्रांसफार्मर से तेल निकालने के उपकरण बरामद किए गए। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसका गिरोह लंबे समय से इलाके में नलकूपों के ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
लगातार वारदातों से परेशान थे ग्रामीण
हरदोई के अलग अलग इलाकों में बीते दिनों तेल चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं, जिससे ग्रामीणों में खौफ और नाराजगी दोनों थी। गत 14 मार्च को पाली थाना क्षेत्र के मुरा मऊ और रसूलपुर गांव में चोरों ने छह निजी नलकूपों के ट्रांसफार्मरों से तेल निकाल लिया था। इस मामले में अवर अभियंता सुखपाल सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं 15 मार्च को पचदेवरा थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव में दस नलकूपों से तेल चोरी का मामला सामने आया। यहां भी अवर अभियंता भैया लाल पाल की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। 21 मार्च को बिलग्राम क्षेत्र के जलालपुर गांव में भी ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की घटना सामने आई, जिसके बाद पुलिस पर इन मामलों को सुलझाने का दबाव बढ़ गया था।
इसी कड़ी में पाली और पचदेवरा थाने की संयुक्त टीम लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थी और मुखबिरों से भी इनपुट लिया जा रहा था। भरखनी इलाके में चेकिंग के दौरान गयाई चौराहे के पास जब पुलिस ने स्विफ्ट कार को रोका तो उसमें सवार बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सरगना कुलदीप उर्फ गब्बर के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि उसके साथियों की तलाश जारी है।
तेल चोरी का तरीका भी आया सामने
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। रात के अंधेरे में सुनसान इलाकों में स्थित नलकूपों को निशाना बनाया जाता था। ट्रांसफार्मर से तेल निकालने के लिए खास उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे कम समय में चोरी कर मौके से फरार हो जाते थे। इस वजह से किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा था, क्योंकि ट्रांसफार्मर खराब होने से सिंचाई भी प्रभावित हो रही थी।
पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं है, बल्कि पूरे गैंग तक पहुंचने की शुरुआत है। पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी किया गया तेल कहां और किसके जरिए बेचा जाता था।






