Uttarakhand

देहरादून में पीआरडी जवानों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास कूच पर पुलिस से धक्कामुक्की

नियमित रोजगार और वेतन की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे सैकड़ों जवान, पुलिस ने रोका तो सड़क पर बैठकर प्रदर्शन, सरकार पर अनदेखी का आरोप

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 25 मार्च 2026:

देहरादून में बुधवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के सैकड़ों जवानों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के बैनर तले जुटे जवानों ने परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब हाथीबड़कला क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

इस दौरान पीआरडी जवानों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। हालांकि बाद में जवान वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शन कर रहे जवानों का कहना है कि वे राज्य में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। इनमें पुलिस थाना-चौकी में सहयोग, ट्रैफिक व्यवस्था, चारधाम यात्रा, कुंभ मेला, चुनाव ड्यूटी और कोविड जैसे आपातकालीन हालात शामिल हैं।

ये भी पढ़ें:

इसके अलावा वे विभिन्न विभागों में अनुसेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक के रूप में भी काम करते हैं। इसके बावजूद उन्हें सालभर नियमित ड्यूटी नहीं मिलती जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। संगठन के प्रदेश संयोजक प्रमोद मंद्रवाल और सचिव संजय पंवार ने बताया कि वे कई वर्षों से अपनी मांगों को लेकर पत्राचार कर रहे हैं लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

जवानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता लागू करने और 365 दिन का नियमित रोजगार देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  जन आक्रोश रैली में गरजी कांग्रेस... अंकिता भंडारी केस व महंगाई-बेरोजगारी पर सरकार को घेरा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button