Varanasi

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने वैश्विक तनाव पर केंद्र सरकार को घेरा, कहा…ठोस तैयारी नहीं दिख रही

वाराणसी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय संग मीडिया से रूबरू हुए सांसद नासिर हुसैन , कहा- वैश्विक हालात का असर भारत पर पड़ेगा, ईंधन आयात और एयरपोर्ट निजीकरण को लेकर भी जताई चिंता

विकास गोंड

वाराणसी, 28 मार्च 2026:

वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर केंद्र सरकार की तैयारी को लेकर सियासी हमले हो रहे हैं। वाराणसी में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राज्यसभा सांसद सैय्यद नासिर हुसैन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात तेजी से बदल रहे हैं, लेकिन भारत में इसे लेकर ठोस तैयारी नजर नहीं आ रही।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से दुनिया में घटनाएं हो रही हैं, उससे लगता है कि कई फैसले अचानक लिए जा रहे हैं। उनके मुताबिक अमेरिका और इजराइल की तरफ से जो तर्क दिए जा रहे हैं, वे भी लोगों को पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर पा रहे। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की अपील के बावजूद इंग्लैंड, फ्रांस और स्पेन जैसे देश इस टकराव में सीधे तौर पर शामिल नहीं हुए हैं।

उन्होंने कहा कि अगर यह तनाव और बढ़ता है तो इसका असर देश पर भी पड़ेगा। खासकर पेट्रोल, डीजल और गैस को लेकर स्थिति प्रभावित हो सकती है, क्योंकि भारत अब भी बड़ी मात्रा में इन चीजों के लिए आयात पर निर्भर है। एयरपोर्ट के निजीकरण का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में कई एयरपोर्ट निजी कंपनियों को दिए गए हैं। इससे पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

कोविड के दौर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भी तैयारी और जानकारी को लेकर भ्रम की स्थिति बनी थी। उनका कहना है कि मौजूदा हालात में भी वैसी ही तस्वीर दिख रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह साफ करे कि संभावित वैश्विक संकट से निपटने के लिए क्या तैयारी है और आम लोगों पर असर कम करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button