विकास गोंड
वाराणसी, 11 मई 2026
यूपी के वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुलनपुर इलाके में रविवार देर रात थॉर की टक्कर से सड़क हादसे ने तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे ने एक खुशहाल परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। हादसा इतना भयावह था कि जिसने भी देखा उसकी रूह कांप उठी। सड़क पर चीख-पुकार मच गई। बाइक थॉर में फंसकर 100 मीटर तक घिसटती हुई चली गई। वाहन का चालक हादसे के बाद से फरार है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर निवासी सोनी राजभर अपने देवर मनीष राजभर व अपनी 5 वर्षीय मासूम बेटी के साथ मोढैला गांव में आयोजित एक रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तीनों देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 11:30 बजे जैसे ही उनकी बाइक भुलनपुर स्थित जीटी रोड पर पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक थॉर ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। बाइक थॉर में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटती हुई चली गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। इस हादसे में महिला सोनी राजभर और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष राजभर को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जिंदगी और मौत से जूझ रहे मनीष ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है, जिनका उपचार जारी है।
घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ घंटे पहले खुशी का माहौल था, वहां मातम पसर गया। बच्ची की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। चालक की तलाश की जा रही है।






