Barabanki City

बाराबंकी : पेंशनरों का शक्ति प्रदर्शन… 8वें वेतन आयोग में शामिल करने व ओपीएस बहाली की मांग

जिला मुख्यालय स्थित गन्ना दफ्तर परिसर नारों से गूंजा, भीषण गर्मी में जुटे सैकड़ों बुजुर्ग, 10 सूत्रीय मांग पत्र प्रशासन को सौंपा, वित्त विधेयक 2025 में डेट के आधार पर भेद खत्म करने पर जोर

बाराबंकी, 21 अप्रैल 2026:

जिले में पेंशनरों ने सोमवार को गन्ना दफ्तर परिसर में धरना प्रदर्शन किया। सुबह से ही अलग-अलग इलाकों से बुजुर्ग पेंशनर पहुंचने लगे और दिन चढ़ने तक बड़ी संख्या में लोग जुट गए। गर्मी के बावजूद प्रदर्शन में उत्साह दिखा। इस दौरान 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए पेंशनरों को भी 8वें वेतन आयोग के दायरे में लाने व पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की मांग रखी गई।

धरने की अगुवाई कर रहे पेंशनर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बाबू लाल वर्मा ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से इस मामले में सीधे हस्तक्षेप की मांग रखी। सभा के दौरान पेंशनरों ने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। कर्मचारी और शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मंच से अपनी बात रखी। कर्मचारी नेताओं के संबोधन के बाद 10 सूत्रीय प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया, जिसे मौके पर मौजूद डीएम के प्रतिनिधि को सौंप दिया गया।

Barabanki Pensioners Protest for OPS and Rights (1)

पेंशनरों की प्रमुख मांगों में वित्त विधेयक 2025 में तिथि के आधार पर भेद खत्म करना, ओपीएस बहाल करना, कोरोना काल के 18 महीने के डीए और डीआर का बकाया भुगतान, पेंशन पर आयकर छूट और वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में राहत शामिल हैं। इसके अलावा आयुष्मान योजना में इलाज की सीमा बढ़ाकर 10 लाख करने, 65 साल के बाद हर पांच साल में पेंशन बढ़ाने और महंगाई भत्ता 50 फीसदी से ऊपर होने पर उसे पेंशन में जोड़ने की मांग भी उठाई गई।

धरने में माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एसपी सिंह, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष राम विलास वर्मा, पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला मंत्री अशोक सोनी, ओम प्रकाश वर्मा, सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव, मुन्नी सिंह, सुशीला बाजपेई, जेएन रावत, सर्वजीत यादव, सुरेन्द्र कुमार वर्मा, राजेश कुमार गुप्ता, चन्द्र शेखर वर्मा, राधेश्याम वर्मा, राम गोपाल चौधरी, डॉ राम शरण शुक्ला, लालजी वर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button