अखिलेश का हमला, कहा…यूपी में न्याय मुश्किल, अफसर ‘बदलाव’ भांपकर बदल रहे रुख
लखनऊ में प्रेसवार्ता कर सरकार पर साधा निशाना, जमीन कब्जे और सिस्टम के दुरुपयोग का आरोप कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, कई जिलों की घटनाओं का जिक्र कर चिंता जताई
लखनऊ, 24 अप्रैल 2026:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी में आम आदमी के लिए न्याय पाना अब आसान नहीं रहा। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार को हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने प्रशासनिक कामकाज से लेकर राजनीतिक माहौल तक पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े लोग सरकारी सिस्टम का इस्तेमाल कर जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर पड़ रही है और संविधान की भावना को नजरअंदाज किया जा रहा है।
चुनावी माहौल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश के दूसरे राज्यों में भारी सुरक्षा के बीच भी लोग खुलकर वोट करते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण दिया और संकेत दिया कि यूपी में भी चुनाव के दौरान सख्त सुरक्षा इंतजाम जरूरी हो सकते हैं।
अफसरों को लेकर उन्होंने कहा कि प्रशासन में बैठे लोग हालात को समझ रहे हैं और उसी हिसाब से अपना रवैया बदल रहे हैं। उन्होंने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि यह समाज का बड़ा हिस्सा है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
भाजपाई जब उनके पास कोई जवाब नहीं होता तो FIR का सहारा लेते हैं, उनके मन में खोट है वोट के लिए इसलिए आरक्षण ला रहे है, ये महिलाओं का संरक्षण नहीं चाहते हैं। सरकार से पूछो आपने कितनी बिजली बनाई 10 साल में, एक भी थर्मल प्लांट नहीं लगाया। सोलर प्लांट लगाया भी तो अपने लोगों को लाभ देने के लिए। केवल स्मार्ट मीटर लगाया लोगों को परेशान करने के लिए।






