Lucknow CityUttar Pradesh

UP में सिपाहियों की नई फौज मैदान में : योगी का सख्त संदेश… अपराधियों पर वार, जनता से व्यवहार नरम

लखनऊ में बेटियों का दमदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री ने ली पासिंग आउट परेड की सलामी, कहा कि जीरो टॉलरेंस से अपराध पर लगी लगाम

लखनऊ, 26 अप्रैल 2026:

यूपी पुलिस को रविवार को 60,244 नए सिपाहियों की बड़ी ताकत मिल गई। प्रदेशभर में पुलिस लाइन, पीएसी बटालियन और प्रशिक्षण केंद्रों पर रविवार को एक साथ आरक्षी नागरिक पुलिस की भव्य पासिंग आउट परेड आयोजित हुई। राजधानी लखनऊ के पुलिस लाइंस मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ ने परेड की सलामी ली और खुली जीप से निरीक्षण किया।

इस दौरान महिला सिपाहियों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्यमंत्री ने कॉन्सटेबल नेहा यादव को बेस्ट कैडेट का खिताब देकर सम्मानित किया और बेटियों के अनुशासन व समर्पण की खुलकर सराहना की। सीएम ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि यूनिफॉर्म की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासन है। प्रशिक्षण में जितना पसीना बहेगा, उतना कम खून बहाने की नौबत आएगी।

उन्होंने नए सिपाहियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराधियों के प्रति कठोर और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहना ही असली पुलिसिंग है। योगी ने कहा कि प्रदेश में अब माफिया राज समाप्त हो चुका है। गुंडा टैक्स और वसूली पर पूरी तरह रोक लग चुकी है। अपराधियों के मन में पुलिस का भय है। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले जहां दंगे और लंबे कर्फ्यू आम बात थे लेकिन अब पुलिस दंगों को होने से पहले ही रोकने में सक्षम हो चुकी है।

WhatsApp Image 2026-04-26 at 12.28.25 PM

भर्ती और प्रशिक्षण के आंकड़े भी सरकार की प्राथमिकता को दर्शाते हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार 2017 में जहां प्रशिक्षण क्षमता मात्र 3 हजार थी, वहीं अब 60 हजार से अधिक सिपाहियों को प्रदेश के भीतर ही प्रशिक्षित किया गया है। थ्री-नॉट-थ्री की जगह इंसास राइफल से आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि भर्ती में 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए अनिवार्य किए गए हैं। प्रदेश में महिला पुलिस बल की भागीदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। पीएसी की तीन महिला बटालियन और हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं।

आधुनिक पुलिसिंग को लेकर भी सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। प्रदेश के 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित किए जा चुके हैं। लखनऊ में फॉरेंसिक साइंस संस्थान की स्थापना की गई है। सेफ सिटी परियोजना 17 नगर निगमों में लागू है और स्पेशल पुलिस फोर्स का गठन भी किया गया है।

WhatsApp Image 2026-04-26 at 12.28.50 PM

सीएम ने बताया कि 15 जून 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। इसके बाद 21 जुलाई 2025 से प्रशिक्षण शुरू हुआ। योगी ने भरोसा जताया कि यह नई फोर्स यूपी पुलिस की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करेगी। अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को और धार देगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button