Ayodhya

अयोध्या में शिव मंदिर पर 29 को फहरेगा धर्म ध्वज, CM योगी करेंगे ध्वजारोहण

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में एक और धार्मिक पड़ाव पूरा, 700 विशिष्ट मेहमान, कड़ी सुरक्षा और भव्य सजावट के बीच होगा आयोजन

लखनऊ/अयोध्या, 26 अप्रैल 2026:

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला लगातार आगे बढ़ रही है। विभिन्न मंदिरों में देवी-देवताओं के विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा और शिखरों पर ध्वजारोहण के बाद अब शिव मंदिर की बारी है। आगामी 29 अप्रैल को शिव मंदिर पर ध्वजारोहण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसे सीएम योगी आदित्यनाथ संपन्न कराएंगे।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय के अनुसार वैशाख शुक्ल त्रयोदशी (29 अप्रैल) को शाम 5 बजे यह विशेष अनुष्ठान होगा। इससे पहले रामलला, माता अन्नपूर्णा, सूर्यदेव, हनुमान जी और गणेश मंदिरों पर ध्वज स्थापित किए जा चुके हैं जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा है। शिव मंदिर पर ध्वजारोहण के साथ यह श्रृंखला एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंचेगी।

कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन में करीब 700 विशिष्ट मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। उनके प्रवेश के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। उनमें रंगमहल आश्रम (रामकोट), अमावा राम मंदिर मार्ग और बिरला धर्मशाला के सामने स्थित जगद्गुरु रामानन्दाचार्य द्वार शामिल हैं।

पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था टेढ़ी बाजार चौराहे के अरुन्धती भवन, गोकुल भवन मार्ग और ब्रह्मकुंड गुरुद्वारा के पास की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर अयोध्या में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाएगी। भव्य सजावट और धार्मिक उल्लास के बीच यह आयोजन श्रद्धा का केंद्र बनने के साथ अयोध्या की आध्यात्मिक पहचान को और भी सशक्त करेगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button