Lucknow CityUttar Pradesh

UP में 1 लाख भर्तियों का मेगा प्लान : योगी का बड़ा ऐलान, 936 को नियुक्ति पत्र देकर दिया साफ संदेश- योग्यता ही पहचान

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री का दावा, 9 साल में 2.20 लाख भर्तियां, अब यूपी पुलिस बनेगी दुनिया की सबसे मजबूत फोर्स, पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित प्रधान परिचालक एवं प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को मिले नियुक्ति पत्र

लखनऊ, 28 अप्रैल 2026:

यूपी में पुलिस भर्ती को लेकर मंगलवार को बड़ा ऐलान हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 936 प्रधान परिचालक एवं प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी मंच से इस साल करीब 1 लाख नई भर्तियों का मेगा प्लान सामने रखा।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष लगभग एक लाख नई भर्ती करने जा रहा है। इसमें होमगार्ड व सिविल पुलिस एसआई की भर्ती होगी। सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया अब पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है… न सिफारिश, न पैसा, सिर्फ योग्यता। उन्होंने बताया कि 9 वर्षों में 2 लाख 20 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। यह अपने आप में रिकॉर्ड है। कई राज्यों की कुल पुलिस संख्या भी इससे कम है।

WhatsApp Image 2026-04-28 at 12.38.05 PM

योगी ने पुलिस बल के आधुनिकीकरण पर जोर देते हुए कहा कि पहले जहां एक बार में सिर्फ 3,000 पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग देने की क्षमता थी, वहीं अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। वर्ष 2025 में 60,244 सिपाहियों की भर्ती कर उन्हें एक साथ ट्रेनिंग दी गई और हाल ही में 60 हजार सिपाहियों की पासिंग आउट परेड भी संपन्न हुई।

सीएम ने कहा कि यूपी पुलिस आज दुनिया की सबसे बड़ी सिविल पुलिस का हिस्सा है। ये 25 करोड़ लोगों की सुरक्षा में लगी है। उन्होंने यह भी बताया कि 500 से अधिक खिलाड़ियों को पुलिस में शामिल किया गया है। इससे राज्य का प्रदर्शन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर हुआ है।

बुनियादी ढांचे में सुधार का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि 2017 से पहले कई जिलों में पुलिस लाइन तक नहीं थी। कई थानों के पास अपने भवन नहीं थे। आज हाईराइज बैरक, मॉडल थाने, नए फायर स्टेशन, एसएसएफ और एसडीआरएफ जैसी विशेष इकाइयों का गठन हो चुका है। तीन महिला पुलिस बटालियन भी बनाई गई हैं।

WhatsApp Image 2026-04-28 at 12.38.05 PM (1)

उन्होंने बताया कि हर जिले में मोबाइल फॉरेंसिक लैब संचालित हो रही हैं। स्टेट फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट प्रभावी ढंग से काम कर रहा है। सीएम ने कानून व्यवस्था को निवेश का आधार बताते हुए कहा कि कानून का राज ही विकास की पहली गारंटी है। मजबूत सुरक्षा माहौल के चलते देश-विदेश के निवेशक यूपी में आ रहे हैं।

योगी ने कहा कि हर पुलिसकर्मी को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना जरूरी है क्योंकि मजबूत संचार और अनुशासन ही एक सशक्त पुलिस बल की पहचान है। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी नवचयनित कर्मियों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button