Varanasi

काशी में मोदी का शक्ति संदेश : महिला आरक्षण के लिए मांगा आशीर्वाद, 6,332 करोड़ की सौगात सौंपी

बरेका मैदान में हुए जन आक्रोश महिला सम्मेलन में दिखा महिलाओं का हुजूम, पीएम महिलाओं के बीच से मंच तक पहुंचे, भोजपुरी में किया अभिवादन, काशी को बताया दिव्य शक्तियों की भूमि

विकास गोंड

वाराणसी, 28 अप्रैल 2026:

दो दिन के दौरे पर काशी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बरेका मैदान में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में हिस्सा लिया। खुली जीप से सभा स्थल पहुंचे पीएम ने रास्ते भर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और महिलाओं के बीच से होकर मंच तक पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत हर-हर महादेव के उद्घोष से करते हुए काशी को दिव्य शक्तियों की भूमि बताया।

सम्मेलन में पीएम ने कहा कि मां गंगा, माता अन्नपूर्णा, विशालाक्षी और संकट मोचन की कृपा से यह नगरी आस्था का केंद्र है। बड़ी संख्या में जुटीं महिलाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे नारी शक्ति के सम्मान का अवसर बताया। कार्यक्रम से पहले पीएम बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उनका स्वागत किया। वहां से पीएम हेलीकॉप्टर के जरिए बरेका आए।

WhatsApp Image 2026-04-28 at 6.16.33 PM (1)

पीएम ने कहा कि देश के नीति-निर्धारण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है और जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारीशक्ति है। काशी के सांसद व देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए और ये बड़ा लक्ष्य है, लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना। हमारी सरकार की नीतियों में निरंतर महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सुविधा और सुरक्षा का विश्वास देने के साथ-साथ हमने बहनों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को सम्मान और अवसर देने के लिए ठोस काम किए हैं। काशी सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक जीवंत चेतना है, जहां से देश को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से समाज और देश दोनों मजबूत हो रहे हैं।

WhatsApp Image 2026-04-28 at 6.16.33 PM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी का स्वरूप तेजी से बदला है और अब यह वैश्विक स्तर पर आकर्षण का केंद्र बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यहां परंपरा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आधी आबादी के बीच सरकार के कामों को लेकर भरोसा बढ़ा है।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने 6,332 करोड़ रुपये की 163 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 1054.69 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ, जबकि 5277.39 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। साथ ही बनास डेयरी से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों के खाते में 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर किया गया। उन्होंने वर्चुअली अयोध्या से मुंबई व वाराणसी से पुणे व अयोध्या से मुंबई के लिए अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

लोकार्पण वाली प्रमुख परियोजनाएं :

पीएम द्वारा आज लोकार्पित परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़े कई काम शामिल हैं। काली माता मंदिर से रिंग रोड तक वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण पर 277.43 करोड़ खर्च हुए। 19 संपर्क मार्गों का निर्माण कराया गया। कज्जाकपुरा और कादीपुर के पास रेलवे ओवरब्रिज तैयार हुए, जिससे यातायात आसान होगा।

आराजीलाइन में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भवन और छात्रावास, पीएसी में बैरक, मार्कण्डेय महादेव मंदिर में रैंप और रजिस्ट्रेशन ऑफिस में लिफ्ट जैसी सुविधाएं शुरू हुईं। संत कबीर प्राकट्य स्थल और सारंगनाथ मंदिर क्षेत्र का पर्यटन विकास भी इसी में शामिल है।

शहर में 30 ग्रामीण पेयजल योजनाएं शुरू की गईं। 23 स्कूलों को स्मार्ट बनाया गया। यूपी कॉलेज में हॉकी टर्फ तैयार हुआ। चोलापुर में 50 बेड का अस्पताल, रामनगर में 100 बेड का वृद्धाश्रम और बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में आधुनिक उपकरण लगाए गए। भगवानपुर में 55 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, भेलूपुर में सोलर पावर प्लांट और होमगार्ड कार्यालय भवन भी लोकार्पित परियोजनाओं में शामिल हैं।

WhatsApp Image 2026-04-28 at 6.16.33 PM (2)

शिलान्यास वाली प्रमुख परियोजनाएं :

शिलान्यास की गई परियोजनाओं में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरी सुविधाओं पर फोकस है। 71 संपर्क मार्गों का निर्माण, 500 बेड के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और 198 बेड अस्पताल के रीमॉडलिंग का काम शुरू होगा। अस्सी घाट पर मल्टी लेवल पार्किंग, नगर निगम का नया भवन, 100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक और रामनगर में बाल आश्रय गृह बनाए जाएंगे। सेवापुरी में सीएम मॉडल स्कूल और कई घाटों के सौंदर्यीकरण पर भी काम शुरू होगा।

अमृत 2.0 योजना के तहत सीवरेज और जलापूर्ति से जुड़ी 13 बड़ी परियोजनाएं शुरू होंगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मल्टी ट्रैकिंग और गंगा पर नए रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण भी इसी में शामिल है। इसके अलावा बाईपास के दोनों ओर सर्विस रोड, नए विद्युत उपकेंद्र, इंटीग्रेटेड मंडलीय कार्यालय, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, तालाबों का जीर्णोद्धार और वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़ी परियोजनाएं भी शुरू कराई गई हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान बरेका मैदान में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं और पीएम के संबोधन पर लगातार उत्साह दिखता रहा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button