लखनऊ, 29 अप्रैल 2026:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज प्रस्तावित ट्रांजिट विजिट को लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अमौसी एयरपोर्ट से लेकर आगरा एक्सप्रेसवे (लखनऊ-उन्नाव बॉर्डर) तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इससे कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है। इसे खास तौर पर वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर लोग ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
भारी वाहनों के लिए सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। अमौसी एयरपोर्ट वीआईपी मोड़ से कोई भी भारी वाहन एयरपोर्ट की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को अमौसी कमर्शियल मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। लखनऊ से हरदोई, शाहजहांपुर और बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहन आगरा एक्सप्रेसवे और हरदोई मार्ग का उपयोग नहीं कर सकेंगे। इन्हें खुशहालगंज या बाजपुर किसानपथ अंडरपास के जरिए किसान पथ होते हुए सीतापुर मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
वहीं, उन्नाव, कन्नौज और कानपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन भी किसान पथ होते हुए एनएच-27 मार्ग का उपयोग करेंगे। तिकोनिया तिराहा से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सामान्य वाहनों के लिए भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। शहीद पथ से अमौसी की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह बंद रहेगा और इसे बिजनौर अंडरपास होते हुए किसान पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कानपुर से आने वाले वाहन सर्विस लेन के जरिए नटकुर या अनूप खेड़ा अंडरपास से शहीद पथ पर पहुंचेंगे। स्कूटर इंडिया से एयरपोर्ट जाने वाला मार्ग भी बंद रहेगा। इसके अलावा सरोजनीनगर से नादरगंज, कमता तिराहा से शहीद पथ और कई अन्य अंदरूनी मार्गों पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। ऑयल टैंकरों और कमर्शियल वाहनों के लिए अलग दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
शहर के आशियाना, कृष्णानगर, आलमबाग और लोकबंधु अस्पताल के आसपास भी यातायात में बदलाव किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर ये कदम उठाए गए हैं। लोगों से कहा है कि वे यात्रा से पहले रूट प्लान की जानकारी लेकर ही घर से निकलें जिससे अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।






