लखनऊ, 29 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी (बीबीएयू) में इंटीग्रेटेड बेसिक साइंस की छात्रा अनामिका सिंह की मौत के बाद कैंपस में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार देर शाम वाराणसी स्थित घर पर अनामिका की मौत की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने देर रात कुलपति आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि यशोदा हॉस्टल की मेस में परोसे गए दूषित खाने के कारण अनामिका की तबीयत बिगड़ी थी और बाद में उसकी मौत की वजह बनी। प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की।

छात्रों के मुताबिक अनामिका करीब पांच दिन पहले तबीयत खराब होने पर छुट्टी लेकर अपने घर वाराणसी चली गई थी। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को फूड पॉइजनिंग से जुड़ा बताया और इलाज चल रहा था। इसी दौरान मंगलवार शाम उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रावासों से छात्र बाहर निकल आए और कुलपति आवास के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देर रात तक चले हंगामे के बीच मौके पर पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई। हालांकि, छात्रों का कहना है कि कुलपति उनसे मिलने बाहर नहीं आए जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।

बुधवार सुबह कुछ छात्र कुलपति आवास के बाहर धरने पर बैठ गए और निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा मेस व्यवस्था में सुधार की मांग पर अड़े रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इससे छात्रों का गुस्सा शांत होता नजर नहीं आ रहा।






