योगेंद्र मलिक
देहरादून, 29 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड वन विकास निगम के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में बुधवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कुमाऊं मंडल में वन विकास निगम का नया कार्यालय खोलने का ऐलान किया। इससे क्षेत्रीय स्तर पर वन प्रबंधन और आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने वन क्षेत्रों में मौन पालन को बढ़ावा देने के लिए बी-बॉक्स स्थापित करने का प्रस्ताव कैबिनेट में लाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने निगम कर्मचारियों के उन बच्चों को सम्मानित किया जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
धामी ने कहा कि वन विकास निगम राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रहा है। निगम वैज्ञानिक वन प्रबंधन, टिकाऊ वन उपज, आरक्षित क्षेत्रों में खनन और इको-टूरिज्म संचालन जैसे कार्यों में सक्रिय है। इसके अलावा सूखे और मृतप्राय पेड़ों को हटाकर नए वन विकसित करने में भी निगम योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हिमकाष्ठ मोबाइल एप्लीकेशन का लोकार्पण किया। इस ऐप के जरिए लकड़ी की बिक्री और फॉरेस्ट गुड्स की ऑनलाइन नीलामी संभव होगी। उन्होंने कहा कि ई-नीलामी और डिजिटल प्रक्रियाओं से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूती मिली है। यह डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
धामी ने बताया कि पिछले वर्ष निगम ने 167 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया जो पारदर्शी नीति और बेहतर संसाधन प्रबंधन का परिणाम है। उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा घने जंगल, ग्लेशियर, नदियां और जैव विविधता को अमूल्य धरोहर बताते हुए इनके संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
उन्होंने पीएम मोदी के लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरमेंट मंत्र का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की अपील की। साथ ही पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में इकोनॉमी और इकोलॉजी के संतुलन के साथ वन संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।






