Lucknow City

लखनऊ के रूमी गेट पर जाम का ‘फुल स्टॉप’! इसी माह खुलेगी लजीज गली… जानिए पूरा प्लॉन

LDA का बड़ी योजना, हुसैनाबाद क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए बनेगी 450 वाहनों की मेगा पार्किंग, नींबू पार्क में जल्द नए फाउंटेन चालू करने की तैयारी

लखनऊ, 7 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक रूमी गेट के आसपास लगने वाले जाम से अब राहत मिलने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने हुसैनाबाद क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए बड़ा कदम उठाया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने हेरिटेज जोन का निरीक्षण कर अधिकारियों को रूमी गेट के पास आधुनिक पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए हैं।

एलडीए के मुताबिक करीब 9,000 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाली इस पार्किंग में 15 बसों, 150 चार पहिया और लगभग 300 दो पहिया वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए 14 मीटर चौड़ा कॉरिडोर भी तैयार किया जाएगा। पैदल यात्रियों के लिए मुसाफिरखाना गेट से अलग निकास मार्ग दिया जाएगा।

दरअसल रूमी गेट, बड़ा इमामबाड़ा और घंटाघर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के आसपास अवैध पार्किंग के चलते रोजाना जाम की स्थिति बनती है। इससे स्थानीय लोग और पर्यटक भी परेशान होते हैं। एलडीए का मानना है कि नई पार्किंग बनने से इस पूरे हेरिटेज जोन में ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा। इसके अलावा हुसैनाबाद फूड कोर्ट के पीछे निर्माणाधीन लाइब्रेरी के पास भी 700 वर्गमीटर में एक और पार्किंग विकसित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एलडीए ने सख्ती भी दिखाई।

WhatsApp Image 2026-05-07 at 8.30.46 AM

रेजिडेंसी क्षेत्र में प्लेस मेकिंग कार्य की धीमी प्रगति पर ठेकेदार मेसर्स एफएन एंड कंपनी पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं सूरजकुंड पार्क के पास अवैध झुग्गी-टीन शेड हटाने और कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इधर, हुसैनाबाद में तैयार की गई ‘लजीज गली’ को भी इसी महीने आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी है। यहां 15 फूड कियोस्क बनाए गए हैं। टॉयलेट ब्लॉक का काम तेजी से चल रहा है। एलडीए ने 15 दिन में काम पूरा कर इसे शुरू करने के निर्देश दिए हैं, जिससे स्थानीय रोजगार और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

इसके साथ ही नींबू पार्क में लगाए गए नए फाउंटेन को जल्द चालू करने और विभिन्न प्रजातियों के नींबू के पौधे लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। कुल मिलाकर, हुसैनाबाद क्षेत्र अब ट्रैफिक और पर्यटन दोनों के लिहाज से बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button