Lucknow City

लखनऊ मेट्रो स्टेशन पर जुटे LSG सितारे, फैन्स के बीच गूंजा क्रिकेट का रोमांच

हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर केन विलियम्सन, अर्जुन तेंदुलकर समेत खिलाड़ियों ने किया ‘मीट एंड ग्रीट’, युवा क्रिकेटरों को दिए सफलता के मंत्र

लखनऊ, 25 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार को क्रिकेट और मेट्रो का अनोखा संगम देखने को मिला।लखनऊ मेट्रो और आईपीएल टीम ‘लखनऊ सुपर जायंट्स’ (LSG) की साझीदारी के चार साल पूरे होने के मौके पर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर भव्य ‘मीट एंड ग्रीट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस खास मौके पर टीम के रणनीतिक सलाहकार और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियम्सन, बल्लेबाज मुकुल चौधरी, ऑल राउंडर अर्जुन तेंदुलकर और स्पिनर एम सिद्धार्थ ने शिरकत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

मेट्रो परिसर में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं था। इस दौरान मेट्रो यात्रियों के लिए आयोजित ‘सेल्फी कॉन्टेस्ट’ के विजेताओं को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से मिलने का सुनहरा मौका मिला। विजेताओं ने खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और LSG की ओर से उन्हें आधिकारिक टी-शर्ट भेंट की गई जिससे उनका उत्साह चरम पर पहुंच गया।

LSG Stars Visit Lucknow Metro Station Celebration (1)

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण अभिनव सिन्हा क्रिकेट एकेडमी के 15 युवा खिलाड़ियों के लिए आयोजित प्रश्न-उत्तर सत्र रहा। इस दौरान उभरते क्रिकेटरों ने खिलाड़ियों से खेल की तकनीक, मानसिक मजबूती और अनुशासन को लेकर कई सवाल पूछे। केन विलियम्सन, अर्जुन तेंदुलकर और अन्य खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को सफलता के अहम गुर बताए। इससे उनका आत्मविश्वास और जोश दोगुना हो गया।

मेट्रो भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने स्टेशनों की दीवारों पर उकेरी गई स्थानीय संस्कृति की कलाकृतियों की जमकर सराहना की। साथ ही लखनऊ मेट्रो की स्वच्छता और सुव्यवस्था की भी तारीफ की। गौरतलब है कि लखनऊ मेट्रो और LSG के बीच यह साझीदारी लगातार चौथे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मैचों के दौरान मेट्रो सेवाएं रात 12:30 बजे तक संचालित की जा रही हैं।

इसके अलावा इकाना स्टेडियम तक पहुंच के लिए लास्ट माइल कनेक्टिविटी के तहत बस सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। UPMRC के एमडी सुशील कुमार ने कहा कि यह साझीदारी हर साल और मजबूत हो रही है और शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव दे रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यह सहयोग और नई ऊंचाइयों को छुएगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button