Lucknow CitySports

IPL 2026 : कहर बनकर टूटे मार्श, प्रिंस भी चमके… RCB ढेर, LSG ने दिया जीत का तोहफा

घर में लगातार हार झेल रही थी लखनऊ सुपर जाएंट्स, इकाना में बारिश संग चली बल्ले की आंधी , मिचेल मार्श ने 49 गेंद में शतक ठोककर इकाना को झूमने पर मजबूर कर दिया, बारिश से 19-19 ओवर का हुआ मुकाबला आखिरी गेंद तक सांसें रोक देने वाला दिखा मुकाबला,

लखनऊ, 8 मई 2026:

इकाना स्टेडियम में गुरुवार रात ऐसा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें हर ओवर बाद मैच का रुख बदलता रहा। कभी मिचेल मार्श के बल्ले ने आग उगली, कभी रजत पाटीदार ने आरसीबी को उम्मीद दी, तो आखिर में प्रिंस यादव की गेंदों ने लखनऊ की जीत पक्की कर दी। बारिश से प्रभावित इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को नौ रन से हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की।

डकवर्थ लुईस नियम के तहत आरसीबी को 19 ओवर में 213 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम छह विकेट पर 203 रन ही बना सकी। इकाना में यह लखनऊ की लंबे इंतजार के बाद पहली घरेलू जीत रही। लखनऊ की जीत की सबसे बड़ी वजह मिचेल मार्श की विस्फोटक पारी बनी। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने शुरुआत से ही आरसीबी के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। जोश हेजलवुड की गेंद पर सीधा छक्का जड़ते ही उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए।

भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा, कोई भी मार्श की मार से नहीं बच सका। मार्श ने सिर्फ 49 गेंद में शतक पूरा किया और लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने ऋषभ पंत का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने पिछले सीजन आरसीबी के खिलाफ 54 गेंद में सेंचुरी लगाई थी।

WhatsApp Image 2026-05-08 at 8.05.23 AM

मार्श ने 56 गेंद पर 111 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी में ताकत भी दिखी, टाइमिंग भी और बेखौफ अंदाज भी। कई शॉट ऐसे रहे, जिन पर गेंद सीधे स्टैंड में जाकर गिरी। अर्शिन कुलकर्णी के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। अर्शिन 17 रन बनाकर आउट हुए, मगर तब तक आरसीबी पर दबाव पूरी तरह बन चुका था।

इसके बाद निकोलस पूरन ने 23 गेंद पर 38 रन की तेज पारी खेली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी हुई। आखिरी ओवरों में ऋषभ पंत ने सिर्फ 10 गेंद पर नाबाद 32 रन ठोक दिए। पंत ने लगातार बड़े शॉट लगाकर स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया। लखनऊ ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 209 रन बनाए।

बारिश के बाद संशोधित लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत खराब रही। जैकब बेथेल सिर्फ चार रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार बने। इसके बाद प्रिंस यादव ने विराट कोहली को शून्य पर आउट कर मुकाबले का माहौल बदल दिया। कोहली 46 पारियों बाद आईपीएल में बिना खाता खोले आउट हुए।

दो विकेट सिर्फ नौ रन पर गिरने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाला। देवदत्त पडिक्कल के साथ उन्होंने तेज साझेदारी करते हुए लखनऊ पर दबाव बना दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 95 रन जोड़े। पडिक्कल ने 25 गेंद पर 34 रन बनाए, जबकि पाटीदार ने सिर्फ 31 गेंद में 61 रन की धुआंधार पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी के दौरान इकाना में आरसीबी की जीत की उम्मीद मजबूत दिखने लगी थी।

मगर जैसे ही पाटीदार आउट हुए, मैच फिर पलट गया। जितेश शर्मा एक रन बनाकर चलते बने। वहीं दूसरी तरफ टिम डेविड ने 17 गेंद पर 40 रन ठोककर मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया। क्रुणाल पांड्या ने 16 गेंद पर नाबाद 28 रन बनाए और रोमारियो शेफर्ड ने 23 रन की तेज पारी खेली, लेकिन लखनऊ ने दबाव में शानदार गेंदबाजी की।

प्रिंस यादव ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए और आरसीबी की रनगति तोड़ी। शाहबाज अहमद ने दो विकेट झटके, जबकि मोहम्मद शमी को एक सफलता मिली। आखिरी ओवरों में लखनऊ के गेंदबाजों ने सटीक यॉर्कर और धीमी गेंदों से आरसीबी को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button