राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 7 मई, 2026:
आगामी मानसून सीजन और चारधाम यात्रा को देखते हुए राज्य सरकार ने मानसून से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में मानसून से पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और मानसून के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आगामी महीनों में चारधाम यात्रा भी जारी रहेगी ऐसे में प्रशासनिक सतर्कता और अधिक जरूरी हो जाती है उन्होंने सभी रेखीय विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर काम करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को मानसून से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने विद्युत और पेयजल विभाग को बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और पाइपलाइनों की समय रहते मरम्मत सुनिश्चित करने एवं संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी मशीनों की अग्रिम तैनाती, बैली ब्रिज का पर्याप्त भंडारण और बाढ़ संभावित इलाकों में नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा । खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और स्वास्थ्य विभाग को जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सोशल मीडिया पर फर्जी आपदा वीडियो और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
बैठक में विशेष सचिव पराग मुधकर धकाते, सचिव पंकज कुमार पाण्डेय, सचिव एल फैनई, सचिव सचिन कुर्वे, बीके संत, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, सचिव खाद्य आनंद स्वरूप, सूचना निदेशक बंशीधर तिवारी, एसीईओ प्रशासन महावीर सिंह, एसीईओ क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, वित्त नियंत्रक अभिषेक कुमार आनंद, जेसीईओ आदि मौजूद रहे।






