अनिल निषाद
अयोध्या, 11 मई 2026:
मशहूर महिला पहलवान विनेश फोगाट सोमवार को गोंडा रवाना होने से पहले अयोध्या पहुंचीं। यहां उन्होंने रामलला के दर्शन किए और हनुमान गढ़ी में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान विनेश ने कहा कि प्रभु राम ने उन्हें बुलाया है और वह उनका आशीर्वाद लेकर गोंडा के नंदिनी नगर जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान की इस पवित्र धरती पर आने से हर किसी की मनोकामना पूरी होती है और उनकी भी इच्छा है कि वह देश के लिए फिर से पदक जीतें।
अपने ऊपर लगे प्रतिबंध और कारण बताओ नोटिस के सवाल पर विनेश ने कहा कि उन्हें जवाब देने का अवसर मिला है और वह अपना पक्ष मजबूती से रखेंगी। प्रतियोगिता में खेलने को लेकर उन्होंने कहा कि यह देखा जाएगा कि वह मैट पर उतरती हैं या नहीं।
भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के कॉलेज में प्रतियोगिता आयोजित होने पर विनेश ने साफ कहा कि यह स्थिति किसी भी खिलाड़ी के लिए मानसिक दबाव पैदा करती है। उन्होंने कहा, जिसके खिलाफ हमने लड़ाई लड़ी, उसी के कॉलेज में प्रतियोगिता हो रही है। लेकिन खिलाड़ी को वहीं जाना पड़ता है जहां मुकाबले आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने आयोजन स्थल को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि लड़कियों के साथ अत्याचार हो रहा है ये सरकार को देखना चाहिए।
बता दें कि भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) की ओर से गोंडा जिले के नंदिनी नगर में 10 से 12 मई तक सीनियर ओपन नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। देशभर से लगभग 593 पुरुष और महिला पहलवान इसमें हिस्सा ले रहे हैं। विनेश फोगाट करीब 20 महीने बाद 57 किलोग्राम भार वर्ग में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वापसी कर रही हैं। यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के चयन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।






