अनिल निषाद
अयोध्या, 19 जुलाई 2026:
अयोध्या में सरयू नदी के गुप्तार घाट का एक वीडियो सोशल Media पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो में कुछ युवक सरयू नदी के बीच नाव पर बैठकर बीयर पीते और मटन पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आते ही कैंट थाना पुलिस हरकत में आई और चार आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक युवक की तलाश जारी है।
वायरल वीडियो में दिखती है मौज मस्ती, युवक देता है साथियों का इंट्रोडक्शन
वायरल वीडियो में चार युवक नाव पर बैठकर खाना खाते और बीयर पीते नजर आ रहे हैं। वीडियो बनाने वाला युवक अपने साथियों का परिचय भी देता है और बताता है कि काफी समय बाद मटन पार्टी की गई है। युवक अपने दोस्तों के साथ मौज-मस्ती की बातें करता सुनाई देता है। वीडियो में सभी युवक नाव पर पार्टी करते समय टेस्ट का बखान करते हैं। यही नहीं युवक सभी का नाम बताकर एक साथी की कमी अखरने की बात भी कहता सुनाई देता है।
धार्मिक महत्व वाले गुप्तार घाट के आसपास बनाया गया वीडियो
पुलिस जांच में सामने आया है कि वायरल वीडियो कैंट थाना क्षेत्र के गुप्तार घाट का है। इसी घाट पर हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू में स्नान करने के बाद रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन के लिए जाते हैं। ऐसे में नदी के बीच नाव पर बीयर और मटन पार्टी का वीडियो सामने आने से लोगों में नाराजगी है।
करतूत सामने आने पर संतों ने की निंदा, तीन युवकों को पुलिस ने खोज निकाला
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ी जगह की मर्यादा के खिलाफ बताया। स्थानीय लोगों के साथ तमाम संतों ने इसे कुकृत्य बताते हुए निंदा की। वीडियो की भनक पुलिस महकमे को भी लगी। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान करनी शुरू की आखिरकार सफलता मिल गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लवकुश निषाद, राजकुमार निषाद और जितेंद्र निषाद के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
एक आरोपी अब भी फरार
कैंट थाना पुलिस का कहना है कि मामले में चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






