National

पं. बंगाल कैबिनेट की ताकत हुई 41… शुभेंदु सरकार का मेगा मंत्रिमंडल विस्तार, 35 मंत्रियों ने ली शपथ

तीन सप्ताह पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले शुभेंदु अधिकारी ने प्रशासनिक और राजनीतिक संतुलन साधने की दिशा में उठाया बड़ा कदम, कई वरिष्ठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी

न्यूज डेस्क, 1 जून 2026:

पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के गठन के बाद सोमवार को राज्य की राजनीति में एक और बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल का व्यापक विस्तार किया गया। इसमें 35 नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है।

राज्यपाल आरएन रवि ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित भव्य समारोह में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी रही। मंत्रिमंडल विस्तार को सरकार के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

शपथ लेने वालों में 13 कैबिनेट मंत्री, तीन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 19 राज्य मंत्री शामिल रहे। कैबिनेट मंत्री के रूप में अर्जुन सिंह, तापस रॉय, शरदवत मुखर्जी, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और शंकर घोष ने शपथ ली। वहीं भाजपा विधायक दीपक बर्मन, मनोज उरांव और गौरी शंकर घोष भी पहली बार शुभेंदु अधिकारी मंत्रिमंडल का हिस्सा बने।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-06-01 at 6.56.17 PM

Advertisement

इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वपन दासगुप्ता और दुध कुमार मोंडल को भी मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने के साथ-साथ संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया गया है।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 9 मई को ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व तथा एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री मौजूद रहे थे। शुरुआती मंत्रिमंडल में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निशित प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडू सहित छह मंत्रियों ने शपथ ली थी।

मुख्यमंत्री पद की शपथ के ठीक तीन सप्ताह बाद हुए इस बड़े विस्तार को नई सरकार के प्रशासनिक एजेंडे को गति देने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठनात्मक मजबूती सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इनको मिली कैबिनेट मंत्री की कुर्सी

कैबिनेट मंत्रियों में दीपक बर्मन, तपस रॉय, शंकर घोष, मनोज कुमार उरांव, अर्जुन सिंह, गौरी शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, कल्याण चक्रवर्ती, अजय पोद्दार, शरद्वत मुखर्जी, दूध कुमार मंडल और अनुप कुमार दास शामिल हैं।

ये बनाए गए राज्य मंत्री

राज्य मंत्रियों में जोएल मुर्मू, हरेकृष्ण बेरा, आनंदमय बर्मन, अशोक डिंडा, नदियार चंद बाउरी, विशाल लामा, शांतनु प्रमाणिक, मौमिता बिस्वास मिश्रा, उमेश रे, पूर्णिमा चक्रवर्ती, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, दिबाकर घरामी, अमिया किस्कू, कलिता माझी, गार्गी दास घोष, बिराज विश्वास, दीपंकर जना और सुमना सरकार शामिल हैं।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

इंद्रनील खान, मालती राभा रॉय और राजेश महतो ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  होमगार्ड होंगे हाईटेक और ज्यादा ताकतवर... CM योगी ने दिया आधुनिकीकरण का ब्लूप्रिंट

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link