एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 2 जून 2026ः
यूपी की राजधानी लखनऊ में मोहनलालगंज इलाके में आज पांचवें बड़े मंगल पर भंडारों की धूम रही। क्षेत्र में भंडारे के साथ-साथ सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन हुआ। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
मोहनलालगंज में क्षेत्रीय विधायक अमरेश कुमार रावत ने अपने कार्यालय परिसर में सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद सुंदरकांड पाठ में श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर रहे।

सुंदरकांड पाठ के समापन पर बजरंगी को विशेष भोग अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की गई। विधायक अमरेश कुमार रावत ने पत्नी वीरमति रावत, बेटे शुभम रावत और पूर्व मंडल अध्यक्ष सुधांशु सिंह के साथ भंडारे में श्रद्धालुओं और राहगीरों को पूड़ी-सब्जी, कढ़ी-चावल व बूंदी का प्रसाद वितरित किया। विधायक ने कहा कि बड़े मंगल का पर्व सेवा, समर्पण और लोक कल्याण का संदेश देता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है।
श्री कालेवीर बाबा मंदिर परिसर के श्री बालाजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस मौके पर मंदिर परिसर में शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हेरम्ब दीक्षित, अमित दीक्षित, विकास यादव, अंकित पाण्डेय, कौशल पाण्डेय, छोटू पाण्डेय, बिनोद यादव, अमितेश शर्मा सहित अन्य सहयोगियों ने शरबत वितरण में सहयोग किया। सुबह से ही मंदिर में बजरंगबली के दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि व मंगल की कामना की।






