गोरखपुर, 3 जून 2026:
कभी उपेक्षा और अव्यवस्था का शिकार रहा चिलुआताल अब पूर्वांचल के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित चिलुआताल पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजना का लोकार्पण करते हुए इसे गोरखपुर के विकास का नया अध्याय बताया। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में चिलुआताल को रामगढ़ताल की तर्ज पर ईको-टूरिज्म, वाटर स्पोर्ट्स और हरित ऊर्जा के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौर में तालाबों और पोखरों पर कब्जे होते थे या वे गंदगी और अपराध के अड्डे बन जाते थे लेकिन डबल इंजन सरकार जलाशयों का संरक्षण कर उन्हें पर्यटन और पर्यावरण के मॉडल के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकारें समाज को बेहतर सुविधाएं और बेहतर वातावरण देती हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चिलुआताल में कोल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से 20 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इससे न केवल हरित ऊर्जा का उत्पादन होगा बल्कि नेट जीरो लक्ष्य हासिल करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा पर्यावरण के अनुकूल है। इससे किसी प्रकार का कार्बन उत्सर्जन नहीं होता।
सीएम योगी ने चिलुआताल की प्राकृतिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका पानी पूरी तरह प्राकृतिक है जो जंगलों से होकर आता है। उन्होंने रामगढ़ताल के पुनर्जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सफाई, डी-सिल्टिंग और जल शोधन की व्यापक व्यवस्था की गई है जबकि चिलुआताल प्राकृतिक रूप से और भी समृद्ध है। उन्होंने कहा कि यहां वाटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं। भविष्य में यह राष्ट्रीय स्तर की खेल एवं पर्यटन गतिविधियों का केंद्र बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से विकास कार्यों के संरक्षण की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने रामगढ़ताल की सफाई के दौरान 56 बोरी प्लास्टिक निकलने का उल्लेख करते हुए गोरखपुर को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस से विश्व योग दिवस तक विशेष अभियान चलाने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं को 4 जून को स्वच्छता अभियान, 5 जून को ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत व्यापक पौधरोपण और 21 जून को रामगढ़ताल एवं चिलुआताल पर विशाल योग शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घाट परिसर में हरिशंकरी (पीपल, बरगद और पाकड़) का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने चिलुआताल के निकट निर्माणाधीन 12.95 करोड़ रुपये की भजन संध्या स्थल परियोजना का निरीक्षण किया। इसे अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रविकिशन बोले- सीएम योगी के विजन ने गोरखपुर को एक खूबसूरत चित्र की तरह संवारा
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन ने गोरखपुर को एक खूबसूरत चित्र की तरह संवार दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि रामगढ़ताल के बाद चिलुआताल भी फिल्मों की शूटिंग और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। समारोह में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी ने इस विकास यात्रा को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।






