स्पोर्ट्स डेस्क, 4 जून 2026:
टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव अब भारतीय टी20 टीम की कप्तानी से हटाए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), चयन समिति और टीम मैनेजमेंट ने आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले टीम में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। चर्चा है कि श्रेयस अय्यर को नया टी20 कप्तान बनाया जा सकता है जबकि तिलक वर्मा को उप-कप्तानी की जिम्मेदारी मिल सकती है।
सूर्यकुमार की परफॉर्मेंस पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि यह फैसला भारतीय टीम के भविष्य और 2028 टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चयनकर्ताओं को सूर्यकुमार यादव की हालिया फॉर्म को लेकर चिंता है और इसी वजह से टीम मैनेजमेंट नए कप्तान की तलाश में जुट गया है। सूर्यकुमार यादव को रोहित शर्मा के टी20 फॉर्मेट से संन्यास लेने के बाद भारतीय टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। उनकी कप्तानी में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया।
आईपीएल 2026 में उम्मीद पर खरे नहीं उतरे सूर्यकुमार
भारत ने सूर्यकुमार की अगुआई में 52 टी20 मुकाबले खेले जिसमें 42 मैचों में जीत हासिल हुई। उनका जीत प्रतिशत 80.76 रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया। हालांकि कप्तानी संभालने के बाद से उनकी बल्लेबाजी लगातार सवालों के घेरे में रही। पिछले दो सालों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। हाल ही में समाप्त हुए आईपीएल 2026 सीजन में भी सूर्यकुमार यादव संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने पूरे सीजन में सिर्फ 270 रन बनाए और उनका औसत 20.76 रहा। हालांकि राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक जरूर लगाया लेकिन बाकी मुकाबलों में वे बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
श्रेयस अय्यर को मिल सकती है कप्तानी
अब टीम मैनेजमेंट टी20 टीम में नए नेतृत्व की ओर बढ़ना चाहता है। बताया जा रहा है कि आगामी आयरलैंड दौरे और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम नए कप्तान के साथ मैदान पर उतर सकती है। बताया जा रहा है कि नए कप्तान को लेकर श्रेयस अय्यर का नाम सामने आ सकता है। अगर श्रेयस अय्यर को कप्तानी मिलती है तो यह भारतीय टी20 क्रिकेट में एक नए दौर की शुरुआत मानी जाएगी। श्रेयस को शांत स्वभाव और बेहतर रणनीतिक सोच वाला खिलाड़ी माना जाता है। वहीं युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को भविष्य का बड़ा सितारा समझा जा रहा है।

दो हिस्सों में बंट गए फैंस
हालांकि क्रिकेट फैंस इस खबर से दो हिस्सों में बंट गए हैं। कुछ लोगों का मानना है कि खराब फॉर्म के चलते बदलाव जरूरी है जबकि कई फैंस का कहना है कि जिस खिलाड़ी ने भारत को वर्ल्ड कप जिताया उसे इतनी जल्दी नजरअंदाज करना सही नहीं होगा।
सूर्यकुमार यादव के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए 113 टी20 मैचों में 3272 रन बनाए हैं। उनका औसत 36.35 और स्ट्राइक रेट 162.94 रहा है। उनके नाम चार शतक और 25 अर्धशतक दर्ज हैं।






