PrayagrajUttar Pradesh

UP बोर्ड : छात्रों के लिए दूसरा मौका… समय से करें इम्प्रूवमेंट व कम्पार्टमेंट परीक्षा के आवेदन

27 जून तक ऑनलाइन आवेदन, हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा भविष्य संवारने का एक और अवसर

प्रयागराज/लखनऊ, 5 जून 2026:

शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने और किसी एक परीक्षा परिणाम को उनके भविष्य की राह में बाधा न बनने देने के मकसद से योगी सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। यूपी बोर्ड ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट एवं कम्पार्टमेंट तथा इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। पात्र विद्यार्थी 6 जून से 27 जून तक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की ओर जारी विज्ञप्ति के अनुसार हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट परीक्षा में एक विषय में अनुत्तीर्ण छात्र शामिल हो सकेंगे। कम्पार्टमेंट परीक्षा के तहत दो विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी किसी एक विषय की परीक्षा देने के पात्र होंगे। इसके लिए 256.50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

इसी तरह इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के ऐसे छात्र आवेदन कर सकेंगे जो किसी एक विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण हुए हैं। व्यावसायिक वर्ग के ट्रेड विषयों के ऐसे परीक्षार्थी भी आवेदन के पात्र होंगे जो किसी एक प्रश्नपत्र में असफल रहे हैं। इंटरमीडिएट कम्पार्टमेंट परीक्षा का शुल्क 306 रुपये तय किया गया है।

योगी सरकार की मंशा है कि किसी भी छात्र की शैक्षणिक प्रगति केवल एक परीक्षा परिणाम के कारण प्रभावित न हो। इसी सोच के तहत विद्यार्थियों को अपनी कमियों को सुधारने और बेहतर प्रदर्शन का एक और अवसर प्रदान किया जा रहा है। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन हजारों छात्र-छात्राओं के लिए राहत लेकर आई है जो बेहद कम अंतर से सफलता प्राप्त करने से चूक गए थे।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुल्क कोषागार चालान के माध्यम से जमा करना होगा। ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने के बाद उसकी प्रति और चालान की मूल प्रति अंतिम तिथि के तीन दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को पंजीकृत डाक से भेजना अनिवार्य होगा। लिखित, प्रायोगिक और प्रोजेक्ट आधारित विषयों की परीक्षाएं निर्धारित नियमों के अनुसार आयोजित की जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में अवध बार एसोसिएशन चुनाव : शाम तक मतदान, 31 जुलाई को आएंगे परिणाम

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button