योगेंद्र मलिक
नैनीताल, 5 जून 2026ः
उत्तराखंड के नैनीताल में 14 व 15 जून को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले को लेकर एसएसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें यातायात व्यवस्था को लेकर मंथन किया गया। इस दौरान तय हुआ कि मेला क्षेत्र में निजी वाहनों के प्रवेश पर नो इंट्री रहेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 210 बसें व 250 शटल टैक्सियां संचालित की जाएंगी।
नीम करौली बाबा के दर्शन करने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचेंगे। भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। एसएसपी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा के प्रभावी संचालन के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों व संचालकों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि पहाड़ी जिलों और कैंची धाम जाने वाले वाहनों के लिए स्टीकर व्यवस्था लागू की जाएगी। थाना प्रभारियों को होटल-होमस्टे संचालकों के साथ बैठक करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को ठहरने में कोई असुविधा न हो। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें व प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें।
एसएसपी ने कहा कि आगंतुकों के वाहनों को होटल बुकिंग के आधार पर ही संबंधित चेकिंग पाइंट्स से आगे जाने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ शालीनता व विनम्रतापूर्वक व्यवहार करें। इस दौरान एसपी क्राइम जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल आदि मौजूद रहे।






