एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई पिकप… हवा में उछलकर रोड पर गिरे लोग, मासूम समेत दो की मौत
होली मनाने घर लौट रहा था परिवार, पांच घायल जिला अस्पताल रेफर, मृतकों में ड्राइवर व तीन साल की मासूम शामिल, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
प्रमोद पासी
उन्नाव, 3 मार्च 2026:
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चालक व मासूम बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक औरास थाना क्षेत्र के अरसेम गांव निवासी मोनू अपने परिवार के सदस्यों शिवमूर्ति, मुंशीलाल, महक और खुशबू के साथ फरीदाबाद से होली मनाने गांव लौट रहे थे। अन्य लोग माखी के रहने वाले हैं। पिकअप मुरारी चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप डिवाइडर में जा घुसी। हादसे के कारण ट्रैफिक रुका रहा। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे के पहिए डिवाइडर पर चढ़ गए और पीछे बैठे लोग उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वीडियो फुटेज में वाहन तेज रफ्तार में डिवाइडर की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है और अचानक जोरदार टक्कर होती है। टक्कर के बाद कुछ लोग हवा में उछलकर डिवाइडर के बीच जा गिरे। ड्राइवर मुरारी को स्टेयरिंग काटकर बाहर निकाला गया। हॉस्पिटल में मुरारी व तीन साल की मासूम खुशबू को मृत घोषित कर दिया गया।






