Uttarakhand

यूपी के बाद उत्तराखंड में भी ‘गोदान’ पर सरकार मेहरबान…धामी ने फिल्म को किया टैक्स फ्री

किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश संरक्षण पर आधारित है फिल्म, सीएम ने कहा-ऐसी सकारात्मक फिल्मों को प्रोत्साहन मिलना जरूरी

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 7 फरवरी 2026:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व को केंद्र में रखकर बनाई गई फिल्म ‘गोदान’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और भारतीय संस्कृति व परंपराओं से समाज को जोड़ने का संदेश देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्में समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता को बढ़ावा देती हैं, इसलिए इन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें:

सीएम धामी ने बताया कि प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार प्रयासरत है। राज्य में गोसदनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे निराश्रित और बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सके। साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी प्रोत्साहन देती रहेगी।

ये भी पढ़ें  इतिहास के खजाने से रूबरू होगा लखनऊ, लगेगी दुर्लभ अभिलेखों और पांडुलिपियों की प्रदर्शनी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button