Uttar Pradesh

गाजीपुर कांड पर अखिलेश का तीखा हमला : UP में कानून-व्यवस्था फेल… टॉपर बेटियां सम्मानित

पीड़ित परिवार को 5 लाख की मदद का ऐलान, गाजीपुर में सपा प्रतिनिधिमंडल पर हमले का आरोप, महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा, यूपी बोर्ड की टॉपर छात्राओं को आईपैड देकर बढ़ाया हौसला

लखनऊ, 27 अप्रैल 2026:

समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने यूपी के गाजीपुर में किशोरी की मौत के मामले को लेकर योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला। सोमवार को लखनऊ में पार्टी के राज्य मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि गाजीपुर की घटना बेहद दुखद है। यह प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण है। उन्होंने पीड़ित परिवार को समाजवादी पार्टी की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। साथ ही आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर गाजीपुर गए सपा के प्रतिनिधिमंडल पर हमला किया गया। उन्होंने कहा कि अब सपा का प्रतिनिधिमंडल दोबारा गाजीपुर जाएगा। उसका नेतृत्व राम आसरे विश्वकर्मा और सीमा राजभर करेंगी।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि असली आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि सपा पीडीए समाज के लोगों के साथ खड़ी हो और उन्हें न्याय दिलाए।

WhatsApp Image 2026-04-27 at 4.22.13 PM

महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने हरदोई और प्रतापगढ़ की घटनाओं को भी उठाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जहां भी जाते हैं, पूरा सिस्टम उनके साथ चला जाता है। इससे बाकी जगहों पर कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की टॉपर छात्राओं शिखा वर्मा, कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा को आईपैड देकर सम्मानित किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और सम्मान सपा की प्राथमिकता है। इससे पहले भी वे मेधावी छात्रों को लैपटॉप देकर प्रोत्साहित कर चुके हैं।

सपा मुखिया ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों द्वारा तैयार सौ साल के इतिहास पर आधारित कॉफी टेबल बुक की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में भी किताबों का महत्व कम नहीं हुआ है।

इसके अलावा उन्होंने किसानों और बुनकरों को लेकर भी बड़े वादे किए। अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा और बुनकर समाज के हित में ठोस फैसले लिए जाएंगे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button