लखनऊ, 13 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के 540 परिवारों के लिए लॉटरी ड्रॉ खुशियों की सौगात लेकर आया। मोहान रोड स्थित एलडीए की महत्वाकांक्षी अनंत नगर आवासीय योजना में भूखण्ड पाने की उम्मीद लगाए हजारों आवेदकों के बीच जब लॉटरी की पर्चियां निकलीं तो तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित लॉटरी ड्रॉ में 5,181 पंजीकृत आवेदकों के बीच 540 भूखण्डों का आवंटन किया गया।
लॉटरी में आवेदकों के नाम की पर्ची निकलते ही उनके चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आवेदकों के हाथों से ही पर्चियां निकलवाई गईं और इसका सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल पर भी किया गया।
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर तैयार किया जा रहा है। यहां चौड़ी सड़कों का सशक्त नेटवर्क, भूमिगत विद्युत केबलिंग, स्वच्छ जलापूर्ति और आधुनिक शहरी सुविधाओं का समावेश किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि योजना का एक बड़ा हिस्सा एडुटेक सिटी के रूप में विकसित होगा। लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों और ग्रीन स्पेस का विकास कर इसे पर्यावरण अनुकूल और हरित टाउनशिप बनाया जाएगा। उपाध्यक्ष के मुताबिक योजना के पहले तीन चरणों में लगभग 1,283 भूखण्डों का आवंटन हो चुका है।
चौथे चरण में आलोक खण्ड, आदर्श खण्ड और आकाश खण्ड के 540 भूखण्डों के लिए 28 अप्रैल से 27 मई तक ऑनलाइन पंजीकरण किया गया था। एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा के अनुसार इस चरण में 288 वर्गमीटर के 178, 200 वर्गमीटर के 181 और 162 वर्गमीटर के 181 भूखण्ड लॉटरी के माध्यम से आवंटित किए गए।

अनंत नगर योजना की विशेषताओं में उत्कृष्ट सड़क नेटवर्क, 130 एकड़ ग्रीन स्पेस, भूमिगत विद्युत आपूर्ति, ईवी चार्जिंग स्टेशन, सामुदायिक केंद्र, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं। यही कारण है कि यह योजना लखनऊ के भविष्य की स्मार्ट और सतत आवासीय बस्तियों में एक महत्वपूर्ण पहचान बनती जा रही है।






