बिग बॉस 17 फेम सोनिया बंसल ने छोड़ी एक्टिंग की दुनिया, बोली – खुद को कहीं खो दिया

मुंबई, 8 मई 2025
फिल्मी दुनिया या कहें लाइमलाइट से भरी दुनिया हर किसी को हमेशा रास नहीं आती। कभी-कभी यहां पर इंसान सब कुछ होकर भी अकेला रह जाता है। ठीक ऐसा ही एक वाक्या बिग बॉस 17 फेम और एक्ट्रेस सोनिया बंसल से जुड़ा आ रहा है। बता दे कि एक्ट्रेस सोनिया बंसल ने अपनी एक्टिंग की दुनिया को अलविदा कह दिया है। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान इसकी घोषणा की है। साथ ही उन्होंने इसके पीछे की वजह भी बताई है।
सोनिया का कहना है कि जिंदगी की भागदौड़ में उन्होंने खुद को कहीं खो दिया। अब वह स्पिरिचुअल राह पर निकल पड़ी है। ईटाइम्स संग बात करते हुए सोनिया ने कहा, हम दूसरों के लिए सबकुछ करने में इतने बिजी हैं कि खुद को ही भूल जाते हैं। परफेक्ट होने, खुद को बनाए रखने और ज्यादा कमाने की इस दौड़ में मैंने खुद को खो दिया। मुझे एहसास हुआ कि मैं अब ये भी नहीं जानती कि मेरा असली लक्ष्य क्या है। उन्होंने कहा, पैसा, शोहरत, पॉपुलैरिटी… मेरे पास सबकुछ था। लेकिन मेरे पास जो नहीं था, वो शांति थी। और अगर आप शांति में नहीं हैं तो पैसे का क्या करेंगे? आपके पास बाहरी तौर पर सबकुछ हो सकता है, लेकिन अगर आप अंदर से खाली हैं तो ये बहुत ही अंधकारमय जगह है। सोनिया ने कहा, मैं गहराई से अध्ययन करना चाहती हूं कि मैं लाइफ में वास्तव में क्या करना चाहती हूं। इस इंडस्ट्री ने मुझे पहचान तो दी, लेकिन इसने मुझे शांति नहीं दी। इसने मुझे सांस लेने नहीं दिया। मैं अब और दिखावा नहीं करना चाहती हूं। मैं अपने लिए प्रामणिक रूप से जीना चाहती हूं और एक लाइफ कोच व आध्यात्मिक हीलर बनना चाहती हूं।सोनिया ने आगे कहा, आप कभी नहीं जानते कि आपका जीवन कब बदल जाएगा। आप कभी नहीं जानते कि मौत कब दस्तक दे सकती है। और अगर हमने तब तक सच्चाई से जीवन नहीं जिया है, तो इस पूरी जर्नी का क्या मतलब है?
बता दें कि उत्तर प्रदेश की रहने वाली सोनिया बंसल ने कई हिंदी और तेलुगु फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 2019 में ‘नॉटी गैंग’ फिल्म से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। हालांकि सोनिया को पहचान सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 17’ से मिली।






