Uttarakhand

‘नौकरी दो या जवाब दो’ के नारों से गूंजा देहरादून, नर्सिंग अभ्यर्थियों का CM आवास कूच, नस काटने की कोशिश से हड़कंप

वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन, हाथीबड़कला में पुलिस ने रोका मार्च, अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी, सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 23 जुलाई 2026:

वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को देहरादून में उग्र हो गया। नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने गांधी पार्क से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया लेकिन हाथीबड़कला क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने आरोप लगाया कि वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से कई बार वार्ता का प्रयास किया गया लेकिन अब तक मिलने का समय तक नहीं दिया गया। इससे अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है।

ये भी पढ़ें:

धरने के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब नर्सिंग अभ्यर्थी राजेश शर्मा ने कथित तौर पर ब्लेड से अपने हाथ की नस काटने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसके हाथ से ब्लेड छीन लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर एकता विहार स्थित धरना स्थल पर छोड़ दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान हाथीबड़कला क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा। नर्सिंग अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द वर्षवार नियुक्ति पर निर्णय लेकर वार्ता शुरू नहीं की, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें  Capital Investment : उत्तराखंड पर केंद्र मेहरबान, 451 करोड़ की पहली किस्त जारी

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button