मनोरंजन डेस्क, 1 दिसंबर 2025 :
अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ को रिलीज में कुछ ही दिन बचे हैं और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर आने से पहले ही हलचल मचा दी है। फिल्म 5 दिसंबर, शुक्रवार को रिलीज होगी। इसे इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में माना जा रहा है। दमदार ट्रेलर और लोकप्रिय हो रहे गानों के बीच फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, और पहले ही दिन इसका प्रभाव साफ दिख रहा है।

एडवांस बुकिंग ने पकड़ी रफ्तार
बड़े शहरों के मल्टीप्लेक्स, खासकर PVR-INOX, और कई सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में चुपचाप एडवांस बुकिंग शुरू की गई है। अभी शो की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है। आज सुबह तक फिल्म के 2313 शोज ही बुकिंग में शामिल थे, लेकिन उम्मीद है कि शाम तक यह संख्या दोगुनी हो सकती है। लिमिटेड शो के बावजूद फिल्म ने पहले 24 घंटे में 9274 टिकट बेच डाले, जिससे 46.02 लाख रुपये की कमाई हुई है। ब्लॉक सीट्स को जोड़ दें, तो एडवांस बुकिंग से कुल 1.99 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हो चुका है। यह शुरुआत फिल्म की मजबूत ओपनिंग की ओर इशारा कर रही है।
फिल्म की स्टारकास्ट, रनटाइम क्या है?
‘धुरंधर’ की सबसे बड़ी ताकत इसकी बड़ी स्टारकास्ट है। रणवीर सिंह के साथ फिल्म में आर. माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, सारा अर्जुन और रजत बेदी जैसे कलाकार नजर आएंगे। ट्रेलर से पहले ही साफ हो गया है कि फिल्म बड़े पर्दे पर एक ग्रैंड एक्सपीरियंस देने वाली है। इसका रनटाइम 3 घंटे 32 मिनट है, जिससे यह बॉलीवुड की सबसे लंबी फिल्मों में से एक बन जाती है। साल के आखिरी महीने में मेकर्स और दर्शक दोनों को ‘धुरंधर’ से बड़ी उम्मीदें हैं।
बाकी फिल्मों की बढ़ी मुश्किलें
फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर धनुष और कृति सेनन की फिल्म ‘तेरे इश्क में’ की मजबूत पकड़ बनी हुई है। पहले वीकेंड में फिल्म ने 51 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं। हालांकि इसका सबसे बड़ा मुकाबला अब ‘धुरंधर’ से ही होने वाला है। इसी बीच, ‘120 बहादुर’ और ‘मस्ती 4’ की हालत लगातार खराब होती जा रही है। वीकेंड के बावजूद 10वें दिन इनका प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। ‘120 बहादुर’ ने रविवार को सिर्फ 83 लाख रुपये कमाए और 10 दिनों में इसका इंडिया नेट कलेक्शन 16.98 करोड़ रुपये, जबकि वर्ल्डवाइड 21.25 करोड़ रुपये रहा। ‘मस्ती 4’ की स्थिति और भी खराब है, जिसने 10 दिनों में केवल 14.47 करोड़ रुपये नेट और 18.60 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए। रविवार को यह सिर्फ 23 लाख रुपये ही कमा पाई।






