हरदोई, 21 जून 2026:
एसपी कार्यालय से शिकायत कर लौट रहे युवक की
सुरसा इलाके में चाकू से हमला किए जाने के बाद इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव बदरुद्दीनपुर पहुंचा तो एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात रही। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सुरसा थाना क्षेत्र के बदरुद्दीनपुर निवासी विनोद कुमार सिंह अपने दोस्त मित्रपाल के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इससे पहले वह एसपी कार्यालय पहुंचकर खुद को मिल रही धमकियों की शिकायत कर चुके थे। आरोप है कि मंझिला पुल के पास सांडी क्षेत्र के बघराई गांव निवासी हरीशचंद्र, उसका बेटा राहुल, अमर सिंह और तीन अन्य लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
परिजनों के मुताबिक, विनोद के नहीं रुकने पर आरोपियों ने अपाचे बाइक से स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया और गंभीर हालत में झाड़ियों में फेंक दिया गया। बाद में उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया, जहां देर रात उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी रोहिणी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हरीशचंद्र, राहुल, अमर सिंह समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
परिवार के लोगों ने बताया कि विनोद अपने पिता के इकलौते बेटे थे। शादी के छह साल बाद उनकी पत्नी गर्भवती हुई थीं और घर में नए मेहमान के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। इस बीच हुई वारदात से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।






