
योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 12 सितंबर 2026:
आगामी कुंभ मेले से पहले हरिद्वार को अतिक्रमणमुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने वाल्मीकि चौक से लेकर शिवमूर्ति चौक तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई शुरू होते ही सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जा जमाने वालों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। कई स्थानों पर दुकानदार और अन्य अतिक्रमणकारी प्रशासनिक टीम को देखते ही अपना सामान समेटने में जुट गए। वहीं, जिन स्थानों से अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाया गया, वहां प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अवैध कब्जे को हटाया।
प्रशासन ने साफ किया है कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थल पर कब्जा न करने की चेतावनी भी दी।

जिला प्रशासन के मुताबिक आगामी कुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आमजन के आवागमन के लिए सड़कों व फुटपाथों को सुगम रखना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अभियान के दौरान जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि कुंभ से पहले शहर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए अब कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई के मूड में प्रशासन नहीं है।






