स्पोर्ट्स डेस्क, 27 मई 2026:
रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट कटाया। मौजूदा चैंपियन आरसीबी अब खिताब बचाने से सिर्फ एक कदम दूर है।
पांचवी बार फाइनल में पहुंची RCB
धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 254 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में गुजरात की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ढेर हो गई। आईपीएल इतिहास में यह पांचवां मौका है जब आरसीबी फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल खेल चुकी है। पिछले सीजन पंजाब को हराकर ट्रॉफी जीतने वाली आरसीबी ने इस बार भी अपने इरादे साफ कर दिए हैं।
गुजरात ने पावरप्ले में गंवाए पांच विकेट, दहाई तक नहीं पहुंचे आठ बल्लेबाज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही पांच विकेट गंवा दिए। साई सुदर्शन अजीब अंदाज में हिट विकेट होकर लौटे। जैकब डफी की गेंद पर शॉट खेलते वक्त उनका बल्ला हाथ से छूटकर स्टंप से जा टकराया। शुभमन गिल भी सिर्फ दो रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने। जोश हेजलवुड ने जोस बटलर को आउट कर गुजरात की मुश्किल बढ़ा दी। बटलर ने 11 गेंद में 29 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज ने साथ नहीं दिया। रासिख सलाम डार ने लगातार झटके देकर गुजरात की कमर तोड़ दी। टीम के आठ बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सके।

एक वक्त गुजरात पूरी तरह मुकाबले से बाहर दिख रही थी, लेकिन इम्पैक्ट प्लेयर राहुल तेवतिया ने अकेले मोर्चा संभाला। उन्होंने 43 गेंद में 68 रन की तेज पारी खेली, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे। तेवतिया ने मोहम्मद सिराज के साथ नौवें विकेट के लिए 68 रन जोड़े, मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी।
आरसीबी की तरफ से जैकब डफी ने तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार, रासिख सलाम डार और क्रुणाल पांड्या को दो-दो सफलता मिली। हेजलवुड ने एक विकेट झटका।
कोहली व पडिक्कल के विकेट मिले लेकिन पाटीदार के दो कैच छूटने से पलटी बाजी
इससे पहले टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने पावरप्ले में गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। टीम ने शुरुआती छह ओवर में एक विकेट पर 76 रन ठोक दिए, जो आईपीएल प्लेऑफ के सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर में शामिल हो गया।
वेंकटेश 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विराट कोहली ने 43 रन की तेज पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल ने 30 रन जोड़कर टीम को मजबूत आधार दिया। बीच के ओवरों में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने रन गति पर कुछ हद तक लगाम लगाई। जेसन होल्डर ने लगातार दो गेंदों पर कोहली और पडिक्कल को आउट कर मैच में गुजरात की वापसी कराई।
मुकाबले का टर्निंग पॉइंट 14वें ओवर में आया, जब प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदों पर रजत पाटीदार के दो कैच छूट गए। उस समय पाटीदार सेट हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। कुलवंत खेजरोलिया का एक ओवर गुजरात के लिए सबसे महंगा साबित हुआ, जिसमें दो नो बॉल, एक वाइड और खराब फील्डिंग की वजह से 28 रन निकल गए।
पाटीदार व पांड्या की 114 रन की साझेदारी ने गुजरात से मैच छीना
पाटीदार ने मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ दिया। क्रुणाल पांड्या ने भी तेजी से रन बटोरे। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी हुई। आरसीबी ने आखिरी छह ओवर में 114 रन जोड़कर गुजरात के हाथ से मैच पूरी तरह छीन लिया। पाटीदार की विस्फोटक पारी ने धर्मशाला में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं गुजरात की खराब फील्डिंग और शुरुआती बल्लेबाजी लड़खड़ाने की वजह से टीम को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा।






