Lucknow City

लखनऊ : रेलवे अस्पताल में तड़के धधकी आग, CCU के मरीजों की फंसी जान, दमकलकर्मी बने फरिश्ता

लखनऊ, 27 अक्टूबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के आलमबाग स्थित रेलवे के मंडलीय अस्पताल में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही तीन मंजिला अस्पताल में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों और स्टाफ का दम घुटने लगा। हादसा तड़के अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर बने सीसीटीवी सर्वर रूम में शॉर्ट सर्किट से हुआ। देखते ही देखते आग ने तेजी से आसपास का हिस्सा अपनी चपेट में ले लिया और धुआं क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) तक पहुंच गया। वहां कई मरीज भर्ती थे।

अचानक धुआं फैलने से CCU वार्ड में अफरातफरी मच गई। मरीजों और परिजनों ने जैसे-तैसे खुद को बचाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां आलमबाग और हजरतगंज फायर स्टेशन से मौके पर पहुंचीं। रैंप और सीढ़ियों के जरिए फायर कर्मियों ने सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर और बुजुर्ग मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे बाहर लाया गया। आग पर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया।

दमकलकर्मियों के मुताबिक आग सीसीटीवी सर्वर रूम की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से लगी थी। समय रहते राहत कार्य शुरू हो जाने से किसी की जान नहीं गई। फायर टीम ने स्मोक गन और फैन की मदद से पूरे अस्पताल से धुआं बाहर निकाला।

ये भी पढ़ें:

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक सभी मरीज, परिजन और अस्पताल स्टाफ सुरक्षित हैं। आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। रेलवे प्रशासन ने आग की घटना की जांच के आदेश जारी किए हैं।

ये भी पढ़ें  मोदी-योगी की फोटो फाड़ी तो बिफरे कार्यकर्ता, गांव-गांव जाकर जताया विरोध, एफआईआर दर्ज

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link