Uttar Pradesh

एमकेआईटीएम व इग्नू संवारेगा भविष्य…पर्यटन व होटल इंडस्ट्री में करियर का सुनहरा मौका

एडमिशन शुरू, सर्टिफिकेट और पीजी डिप्लोमा कोर्स के जरिए युवाओं को मिलेगी ट्रेनिंग और इंडस्ट्री एक्सपीरियंस, 28 फरवरी तक आवेदन

लखनऊ, 20 फरवरी 2026:

पर्यटन और होटल इंडस्ट्री में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के तहत संचालित मान्यवर कांशीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के साथ मिलकर नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड में तीन सर्टिफिकेट और एक पीजी डिप्लोमा कोर्स में नामांकन लिया जा रहा है।

यह पहल खास तौर पर उन छात्रों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है जो पढ़ाई के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट और इंडस्ट्री अनुभव हासिल करना चाहते हैं या नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाते। संस्थान की ओर से इच्छुक छात्रों के लिए हॉस्टल सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इन कोर्सों के जरिए छात्रों को किताबों की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा। उनका कहना है कि प्रदेश को पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत है और ऐसे कोर्स उसी दिशा में अहम कदम हैं।

सर्टिफिकेट कोर्स की जानकारी

Advertisement

एमकेआईटीएम और इग्नू के तहत तीन सर्टिफिकेट कोर्स चलाए जा रहे हैं। इनमें सर्टिफिकेट इन फ्रंट ऑफिस ऑपरेशन, सर्टिफिकेट इन फूड एंड बेवरेज सर्विस ऑपरेशन और सर्टिफिकेट इन हाउसकीपिंग ऑपरेशन शामिल हैं। इन कोर्सों के लिए 10+2 पास होना जरूरी है।

छह महीने अवधि वाले इन कोर्सों में कुल 18 क्रेडिट तय किए गए हैं। पढ़ाई हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यम में होगी। कोर्स के दौरान दो महीने थ्योरी और चार महीने इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग कराई जाएगी। सर्टिफिकेट कोर्स की फीस 3000 रुपये रखी गई है, जबकि 400 रुपये पंजीकरण शुल्क अलग से देना होगा।

पीजी डिप्लोमा कोर्स की योग्यता

पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन होटल ऑपरेशन्स उन छात्रों के लिए है जिन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली है। 48 क्रेडिट वाले इस कोर्स में होटल संचालन और प्रबंधन की गहराई से ट्रेनिंग दी जाएगी। कोर्स हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। इसमें चार महीने थ्योरी और आठ महीने इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग व इंटर्नशिप शामिल है। पीजी डिप्लोमा की फीस 9000 रुपये तय की गई है, जबकि 400 रुपये पंजीकरण शुल्क अलग से देना होगा।

ऐसे लें प्रवेश की जानकारी

अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया और कोर्स से जुड़ी जानकारी के लिए एमकेआईटीएम (http://www.mkitm.com) या इग्नू (http://www.ignou.ac.in) की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं। प्रवेश पोर्टल https://ignouadmission.samarth.edu.in पर भी आवेदन और जानकारी उपलब्ध है।

सर्टिफिकेट और पीजी डिप्लोमा कोर्स में आवेदन की अंतिम तारीख 28 फरवरी 2026 तय की गई है। अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात के मुताबिक, ओडीएल मोड के ये कोर्स उन युवाओं के लिए बेहतर मौका हैं जो लचीले तरीके से पढ़ाई करते हुए होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें  युवाओं से लेकर महिलाओं के लिए बड़े मौके... 364 करोड़ की मंजूरी, यूपी के अल्पसंख्यकों को मिलेंगे ये लाभ

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link