लखनऊ, 12 जून 2026:
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात से चार लोगों की मौत हो गई है। दूसरी तरफ कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिन तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
देवरिया में वज्रपात की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। जालौन के उरई स्थित कोटरा इलाके में खेत में मवेशी चरा रहे दो युवक बिजली गिरने से झुलस गए। इनमें 32 वर्षीय गोविंद की मौत हो गई। अलीगढ़ में आंधी के दौरान सीमेंट फैक्ट्री के सुरक्षा कर्मी की बैरियर गिरने से मौत हो गई, जबकि बरेली में तेज हवा के बीच सोलर पैनल गिरने से घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गुरुवार को गोरखपुर, मेरठ समेत प्रदेश के 52 शहरों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बरेली में हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच गई। रामपुर, मुरादाबाद, वाराणसी, झांसी, हमीरपुर, महोबा और औरैया में भी बारिश हुई।
खराब मौसम का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। फर्रुखाबाद में 19 बिजली के खंभे टूट गए। कानपुर देहात के करीब 200 गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। अलीगढ़ में 402 बिजली के खंभे और 61 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए।
मौसम विभाग के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। 16 जून तक प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।
विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वज्रपात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून 20 जून के आसपास उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।






